लखीमपुर खीरी: ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे बाइक सवार पिता की मौत, बेटा गंभीर घायल

लखीमपुर खीरी: निघासन-ढखेरवा हाईवे पर सोमवार रात करीब आठ बजे अज्ञात ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई. जबकि बाइक चला रहा उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

रकेहटी निवासी दीनबंधु गौतम उर्फ मरीज (50) पुत्र नोखे अपने पुत्र छोटू (20) के साथ बाइक से जगजीवन की लड़की का तिलक लेकर लालपुर के मजरा मंझलीपुरवा में एक तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे थे. रास्ते में रकेहटी और निघासन के बीच सूरजपुर धर्मकांटा के पास तेज रफ्तार अज्ञात ट्रैक्टर ट्रॉली ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही दीनबंधु सड़क पर गिर पड़े और वाहन का पहिया सिर के ऊपर से गुजर जाने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

घटना के दौरान उधर से गुजर रहे रकेहटी के पूर्व प्रधान अजय गुप्ता ने दुर्घटना देख तुरंत रुककर पुलिस, एंबुलेंस और परिजनों को सूचना दी. सूचना मिलते ही निघासन कोतवाल महेशचंद्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घायल छोटू को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) निघासन भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है. कोतवाल ने बताया कि अज्ञात ट्रैक्टर ट्रॉली की तलाश की जा रही है और मामले की जांच की जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही परिजन रोते बिलखते हुए घटना स्थल पर पहुंचे. वहीं घटना से तिलक समारोह की खुशियां मातम में बदल गई और घटना के बाद कोहराम मच गया.

close