वकील-लेखपाल विवाद: बरेली में कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठे लेखपाल, थाना समाधान दिवस का किया बहिष्कार

बरेली: बरेली तहसील परिसर में शुक्रवार को वकील और लेखपाल के बीच हुई तीखी बहस के बाद मामला और तूल पकड़ता जा रहा है. घटना के दूसरे दिन शनिवार को तहसील के लेखपाल धरने पर बैठ गए और विरोध स्वरूप थाना समाधान दिवस का बहिष्कार कर दिया.
लेखपालों का कहना है कि जब तक आरोपी वकील के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा और वे अपने कार्य का बहिष्कार करते रहेंगे.
तहसील लेखपाल संघ के अध्यक्ष लोकेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार को कुछ वकीलों द्वारा लेखपाल पर गलत कार्य करने का दबाव बनाया गया. जब लेखपाल ने मना किया तो दोनों पक्षों के बीच जमकर बहसबाजी हो गई. उन्होंने मांग की है कि आरोपी वकील के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए.
वहीं लेखपाल उमाशंकर राणा ने बताया कि शुक्रवार को वकीलों द्वारा उनके साथ जोर-जबरदस्ती की गई और गलत काम करने का दबाव बनाया गया. उन्होंने इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी है. उनका कहना है कि जब तक आरोपी वकील पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक वे धरने पर बैठे रहेंगे।
उधर पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है. मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.











