शराब-घोटाला…आबकारी अधिकारी समेत 59 लोगों की पेशी:सभी ED के स्पेशल कोर्ट में पहुंचे, कांग्रेस दफ्तर के कर्मचारियों से भी EOW कर चुकी है पूछताछ

छत्तीसगढ़ शराब कोटा के मामले में आज रायपुर के एडी कोर्ट में 59 लोगों की पेशी है, जिनमें आबकारी विभाग के अधिकारी भी शामिल हैं। सुबह से ही आज ED के स्पेशल कोर्ट में जमावड़ा लगा हुआ है।
इससे पहले पिछले तीन दिनों में EOW ने कार्रवाई करते हुए दो शराब निर्माता कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके ट्रक जब्त किए थे। जबकि शराब घोटाले के मामले में कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में कार्यरत अकाउंटेंट समेत चार लोगों को पूछताछ के लिए EOW दफ्तर तलब किया गया था।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष गिरफ्त से बाहर
शराब घोटाला मामले में जांच कर रही EOW- ED प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की तलाश कर रही है। वे पिछले कई सालों से फरार बताए जा रहे हैं। दोनों ही एजेंसी उनकी भूमिका को लेकर भी गंभीरता से जांच कर रही है और उनसे जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है।
अधिकारियों का मानना है कि इस मामले में आगे और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
जानिए क्या है छत्तीसगढ़ का शराब घोटाला ?
शराब घोटाला मामले में ED जांच कर रही है। ED ने ACB में FIR दर्ज कराई है। दर्ज FIR में 3200 करोड़ रुपए से ज्यादा के घोटाले की बात कही गई है। इस घोटाले में राजनेता, आबकारी विभाग के अधिकारी, कारोबारी सहित कई लोगों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज है।
ED ने अपनी जांच में पाया कि तत्कालीन भूपेश सरकार के कार्यकाल में IAS अफसर अनिल टुटेजा, आबकारी विभाग के एमडी AP त्रिपाठी और कारोबारी अनवर ढेबर के सिंडिकेट के जरिए घोटाले को अंजाम दिया गया था।









