घाटा कम, मार्जिन बढ़ा, ओला इलेक्ट्रिक का शेयर दो दिन 22 पर्सेंट चढ़ा

ओला इलेक्ट्रिक के शेयर मंगलवार, 15 जुलाई को लगातार दूसरे दिन भी तेजी के साथ खुले। हैरानी की बात यह है कि कंपनी ने इसी साल की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में ₹428 करोड़ का घाटा दिखाया। फिर भी निवेशक खुश हैं, क्योंकि पिछली तिमाही (जनवरी-मार्च) के मुकाबले यह घाटा कम हुआ है। बता दें अगस्त 2024 में अपने आईपीओ के बाद से ओला इलेक्ट्रिक के शेयरों में उतार-चढ़ाव देखा गया है। यह शेयर अपने रिकॉर्ड उच्च स्तर से 72% गिरकर एनएसई पर ₹43.16 के ऑल टाइम लो पर पहुंच गया था।

घाटे में सुधार क्यों है अहम

पिछली तिमाही में घाटा ₹870 करोड़ था, जो अब घटकर ₹428 करोड़ रह गया। जून तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू ₹828 करोड़ हो गया, जो मार्च तिमाही के ₹611 करोड़ से ज्यादा है। जून में पहली बार कंपनी मुनाफे (EBITDA पॉजिटिव) की स्थिति में पहुंची। ग्रॉस मार्जिन भी रिकॉर्ड 25.6% रहा।

निवेशकों का क्यों बढ़ा भरोसा ?

INVasset PMS के मार्केट एक्सपर्ट हर्षल दासानी के मुताबिक ओला पर कुशल प्रबंधन का असर दिख रहा है। वह कहते हैं, “जनरेशन-3 मॉडल्स, प्रोजेक्ट ‘टार्गेट’ से खर्चों पर नियंत्रण और कंपनी की एकीकृत कार्यशैली ने मार्जिन बढ़ाया।”

भविष्य की रणनीति: ओला ने इस साल के लिए 3.25-3.75 लाख वाहन बेचने और ₹4200-4700 करोड़ राजस्व का लक्ष्य रखा है।

सरकारी सहायता: उत्पादन से जुड़ी सब्सिडी (PLI) मिलने से दूसरी तिमाही से मार्जिन 35-40% तक पहुंचने की उम्मीद है।

नई तकनीक: ‘रेयर-अर्थ-फ्री’ मोटर्स से आपूर्ति श्रृंखला की चिंता कम हुई, जिससे ‘मेक इन इंडिया’ योजना को बल मिला।

शेयरों में कितनी तेजी?

आज शुरुआती कारोबार में शेयर ₹48.88 के स्तर तक पहुंचे। इस दौरान ओला ने 4% की छलांग लगाई। कंपनी के नतीजे घोषित होने के बाद शेयर 18% चढ़े। दो दिन में कुल उछाल 22% रही। हालांकि, शेयर अभी भी पिछले साल के शीर्ष स्तर से काफी नीचे हैं।

आगे की क्या है राह

विशेषज्ञों के मुताबिक, कंपनी धीरे-धीरे मुनाफे की राह पर आगे बढ़ रही है। बाजार ने इसी संभावना को भाव में शामिल कर लिया है। तात्कालिक घाटे से ज्यादा, निवेशक ओला की योजनाओं और प्रबंधन कुशलता पर भरोसा जता रहे हैं।

(डिस्‍क्‍लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। यहां सिर्फ शेयर के परफॉर्मेंस की जानकारी दी गई है, यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com