नोएडा में उद्योगों के सामने LPG संकट, फैक्ट्रियों में लग रहे ताले; कहा- नहीं खरीद पाएंगे इतनी महंगी गैस

नोएडा में LPG-PNG गैस को लेकर संकट गहराता नजर आ रहा है. पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के निर्देशों के बाद कॉमर्शियल सिलेंडरों के वितरण पर अस्थाई रोक लगा दी गई है. इस फैसले के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा में हजारों औद्योगिक इकाइयों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है. वहीं LPG की किल्लत को देखते हुए सुबह से ही गैस एजेंसियों और गोदाम के बाहर सिलेंडर लेने वालों की लाइन देखी जा रही. दरअसल, पश्चिम एशिया में बढ़ते वैश्विक तनाव के कारण गैस की उपलब्धता प्रभावित हुई है. इसी के चलते मंत्रालय ने घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देते हुए कॉमर्शियल उपयोग के लिए गैस आपूर्ति पर अस्थाई रोक लगाने के निर्देश दिए हैं.
इस निर्णय का असर नोएडा और ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्र में भी दिखाई देने लगा है. जिले में करीब चार लाख से अधिक PNG कनेक्शन धारक हैं, जबकि 35 हजार से ज्यादा MSME इकाइयां गैस पर निर्भर हैं. गैस आपूर्ति बाधित होने के कारण इन इकाइयों के सामने उत्पादन जारी रखना चुनौती बन गया है. औद्योगिक से जुड़े लोगों का कहना है कि पैकेजिंग फूड प्रोसेसिंग, सिलिकॉन मैन्युफैक्चरिंग और कई अन्य उद्योग गैस पर निर्भर हैं.









