मध्य प्रदेश: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का हुआ सीधी में अचानक दौरा: दिए आवश्यक निर्देश… लगाई फटकार

सीधी: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आकस्मिक दौरे के माध्यम से सीधी जिले की जमीनी स्थिति का आकलन किया. उन्होंने कहा कि इस प्रकार के दौरे से वास्तविक समस्याओं की पहचान होती है और प्रशासन को आमजन की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करने की दिशा मिलती है.

सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री ने आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचे। उन्होंने मैदानी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे संवेदनशीलता, जवाबदेही और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता को गंभीरता से लेते हुए कठोर एवं प्रभावी कार्यवाही की जाएगी.

मुख्यमंत्री ने जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए जमीनी स्तर पर उनकी प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने यह सुनिश्चित करने पर बल दिया कि योजनाओं का लाभ वास्तविक हितग्राहियों तक पहुंचे और किसी प्रकार की बाधा न आए। इसके साथ ही पनवार हवाई पट्टी के सुदृढ़ीकरण के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने जरूरतमंदों के लिए एयर एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित चिकित्सा सहायता सुनिश्चित की जा सके.

कलेक्ट्रेट के निर्माणाधीन भवन की धीमी प्रगति पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि प्रशासन का मूल उद्देश्य आमजन की सेवा है और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी.

इस दौरान सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, विधायक सीधी श्रीमती रीती पाठक, विधायक सिहावल श्री विश्वामित्र पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, समाजसेवी देव कुमार सिंह चौहान उपस्थित रहे। साथ ही कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी, अपर कलेक्टर  बी.पी. पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com