गैस संकट पर महाराष्ट्र सरकार का भरोसा: अफवाहों से बचें, देश में ईंधन की कोई कमी नहीं

महाराष्ट्र के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल ने देश में गैस और ईंधन की कमी को लेकर फैल रही खबरों को खारिज करते हुए कहा है कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है, न कि केवल भारत पर। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और वैकल्पिक स्रोतों से तेल और गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
मंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे संघर्ष के कारण सप्लाई चेन प्रभावित जरूर हुई है, लेकिन भारत में ईंधन की उपलब्धता को लेकर कोई संकट नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे घबराकर खरीदारी न करें और केवल जरूरत के अनुसार ही सामान लें।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गैस सिलेंडर बंद होने की खबरें पूरी तरह से अफवाह हैं। सरकार के पास पर्याप्त मात्रा में ईंधन और राशन का स्टॉक मौजूद है और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए भुजबल ने कहा कि राज्य में पहले से ही लाखों उपभोक्ता इस सुविधा से जुड़े हुए हैं और जिन क्षेत्रों में पीएनजी लाइन उपलब्ध है, वहां लोगों को तीन महीने के भीतर कनेक्शन लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि निर्धारित समय में पाइपलाइन का काम पूरा नहीं होता है तो एलपीजी सेवा जारी रहेगी, लेकिन जिन इलाकों में पीएनजी उपलब्ध है और लोग कनेक्शन नहीं लेते, वहां भविष्य में एलपीजी सेवा सीमित की जा सकती है।
सरकार ने आश्वस्त किया है कि पीएनजी की कोई कमी नहीं है और जहां भी जरूरत होगी, वहां पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।











