नशे के नेटवर्क पर मैहर पुलिस का दोहरा प्रहार: तस्कर दंपति गिरफ्तार, भारी मात्रा में गांजा और कफ सिरप जब्त

मैहर: जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार 2.0’ के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है. मैहर कोतवाली पुलिस की निशानदेही पर रामनगर थाना पुलिस ने अमिलिया गांव में छापामार कार्रवाई करते हुए एक दंपति को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से 71 हजार रुपये से अधिक कीमत का अवैध गांजा और प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया गया है.

कोतवाली में पकड़े गए तस्करों ने उगला राज

इस कार्रवाई की कड़ियाँ 23 फरवरी की रात कोतवाली पुलिस द्वारा की गई बड़ी धरपकड़ से जुड़ी हैं. उस समय गिरफ्तार आरोपी सुरेंद्र पटेल ने पूछताछ में खुलासा किया था कि वह अमिलिया निवासी शंभू पटेल और उसकी पत्नी को नशे की खेप सप्लाई करता था. सुरेंद्र ने बताया कि पांच दिन पहले ही उसने इन्हें गांजा और सिरप पहुँचाया था, जिसे वे अपने घर से फुटकर में बेचते थे.

अमिलिया गांव में पुलिस की दबिश

टी.आई. विजय त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुधवार को अमिलिया गांव में दबिश दी. तलाशी के दौरान पुलिस ने निम्नलिखित सामग्री जब्त की.

आरोपी: शंभू पटेल (34) और उसकी पत्नी तुलसा पटेल (30)。 बरामदगी: 4 किलो 370 ग्राम गांजा और 120 शीशी कोडीन युक्त कफ सिरप. नशीले पदार्थों और दो मोबाइल फोन सहित कुल कीमत 71,120 रुपये आंकी गई है.

जेल भेजे गए आरोपी, अन्य तस्कर रडार पर

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और ड्रग कंट्रोल अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में जिले के कई अन्य बड़े तस्करों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुख्ता रणनीति तैयार की जा रही है.

close