मैहर रोपवे 14 मार्च तक बंद: मेंटेनेंस के कारण एडवांस बुकिंग रद्द, श्रद्धालुओं को दिया जा रहा रिफंड

मैहर: विश्व प्रसिद्ध मां शारदा देवी मंदिर में आगामी चैत्र नवरात्रि मेले की तैयारियों के चलते मैहर रोपवे सेवा अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है. रोपवे प्रबंधन ने सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए 5 मार्च से 14 मार्च 2026 तक रोपवे का संचालन बंद रखने का निर्णय लिया है. इस अवधि में रोपवे का वार्षिक रखरखाव (मेंटेनेंस) किया जा रहा है, ताकि नवरात्रि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम सेवा उपलब्ध कराई जा सके.

एडवांस टिकट रद्द, यात्रियों को मिल रहा रिफंड

रोपवे प्रबंधन के अनुसार, 5 मार्च से 15 मार्च के बीच यात्रा के लिए कुल 18 बुकिंग के माध्यम से 77 एडवांस टिकट बुक किए गए थे. रोपवे बंद होने की जानकारी न होने के कारण कई श्रद्धालु पहले से ही टिकट बुक कर चुके थे. प्रबंधन ने ऐसे सभी टिकटों को रद्द करते हुए यात्रियों को राशि वापस करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. अब तक 8 बुकिंग से जुड़े 33 यात्रियों को रिफंड दे दिया गया है, जबकि शेष यात्रियों से बैंकिंग विवरण प्राप्त होने के बाद उनकी राशि भी वापस कर दी जाएगी.

कुछ यात्रियों से नहीं हो पाया संपर्क

प्रबंधन द्वारा टिकट धारकों से फोन के माध्यम से संपर्क करने की कोशिश की गई है, लेकिन अभी तक 5 टिकट धारकों ने कॉल का जवाब नहीं दिया है. ऐसे यात्रियों से भी जल्द संपर्क स्थापित कर उनकी राशि वापस करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.

ऑनलाइन बुकिंग अस्थायी रूप से बंद

रोपवे बंद रहने की अवधि में ऑनलाइन टिकट बुकिंग सुविधा भी अस्थायी रूप से रोक दी गई है. प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि जिन लोगों ने पहले से टिकट बुक किए हैं, वे टिकट बुकिंग पोर्टल पर जाकर अपनी टिकट रद्द कर दें. सहायता के लिए यात्री हेल्पलाइन नंबर 08065130000 पर संपर्क कर सकते हैं या ticketing@bookmeriride.com पर ईमेल भेजकर भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.

मंदिर पहुंचने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था

रोपवे सेवा बंद रहने के दौरान श्रद्धालुओं को मां शारदा देवी मंदिर तक पहुंचने के लिए पारंपरिक सीढ़ी मार्ग का उपयोग करना होगा. इसके अलावा शारदा प्रबंधन समिति द्वारा संचालित मारुति वैन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जिससे भक्त मंदिर तक पहुंच सकेंगे.

15 मार्च से दोबारा शुरू होगी सेवा

जिला प्रशासन और मंदिर प्रबंधन समिति ने श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील की है, ताकि निर्धारित समय में मेंटेनेंस कार्य पूरा किया जा सके. सभी तकनीकी और सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद 15 मार्च से रोपवे सेवा दोबारा शुरू करने की योजना है, जिससे नवरात्रि मेले के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सकेगी.

close