मैहर शारदा मेला: इस बार नहीं चलेंगे VIP प्रोटोकॉल, गर्भगृह में प्रवेश बंद…

मैहर: मैहर चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व पर माँ शारदा देवी धाम में लगने वाले विश्व प्रसिद्ध मेले के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है.
आपको बता दें इस वर्ष मेले को लेकर प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार किया है. भक्तों की भारी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर स्पष्ट कर दिया गया है कि मेले के दौरान VIP दर्शन की सुविधा पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी. साथ ही, किसी भी श्रद्धालु को मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी; सभी को सामान्य कतार में लगकर ही दर्शन करने होंगे.
सुरक्षा का घेरा: ड्रोन और सीसीटीवी की नज़र
कलेक्टर रानी बाटड और पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह की उच्च स्तरीय बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया. इस बार मेला क्षेत्र की चप्पे-चप्पे पर निगरानी के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है. पूरे परिसर में ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के जरिए ‘आसमानी नजर’ रखी जाएगी, ताकि संदिग्ध गतिविधियों और भीड़ पर नियंत्रण पाया जा सके.
यातायात और प्रवेश के कड़े नियम
मेले की सुगमता को लेकर प्रशासन ने कई महत्वपूर्ण प्रतिबंध लगाए हैं:
हथियारों पर रोक: एसडीएम दिव्या पटेल के अनुसार, मेला क्षेत्र में किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र लेकर प्रवेश करना पूरी तरह वर्जित है.
ऑटो पर प्रतिबंध: ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए बाहरी ऑटो के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई होगी.
पार्किंग व्यवस्था: श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष पार्किंग स्थल और अतिरिक्त वाहनों की व्यवस्था की गई है.
श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि
भीड़ में अपनों से बिछड़ने वालों की मदद के लिए एक आधुनिक ‘खोया-पाया केंद्र’ स्थापित किया जा रहा है. इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग और नगर पालिका को पेयजल, सफाई और चिकित्सा सेवाओं के लिए मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं.प्रशासन का विशेष दस्ता दलालों और ठगों पर भी कड़ी नजर रखेगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी न हो.
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने सभी भक्तों से अपील की है कि वे शांति और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें. इन कड़े नियमों का उद्देश्य केवल लाखों की संख्या में आने वाले दर्शनार्थियों को सुरक्षित और सुलभ दर्शन कराना है.











