मैहर : छात्राओं का फूटा गुस्सा! आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ कॉलेज में जोरदार प्रदर्शन

मैहर : जिले में शैक्षणिक मर्यादा को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है.सतना से रामनगर जा रही एक बस में सफर के दौरान शासकीय महाविद्यालय अमरपाटन के असिस्टेंट प्रोफेसर आलोक सिन्हा पर एक महिला यात्री के साथ अश्लील हरकत करने का आरोप लगा है.पीड़िता की शिकायत और उसके द्वारा बनाए गए वीडियो साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.

घटना का विवरण
जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार की है जब पीड़िता सतना से बस में सवार हुई थी.भटनवारा के पास आरोपी आलोक सिन्हा महिला के बगल वाली सीट पर आकर बैठ गया.पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने पहले बातचीत करने की कोशिश की और फिर अश्लील हरकतें शुरू कर दीं.

महिला ने सूझबूझ और हिम्मत दिखाते हुए आरोपी की इन हरकतों को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया.
जब पीड़िता ने विरोध किया, तो आरोपी ने पहले समझौते का दबाव बनाया.बात न बनने पर उसने महिला को जान से मारने की धमकी दी और अमरपाटन बस स्टैंड पर उतरकर फरार हो गया.

पुलिसिया कार्रवाई और पहचान

महिला ने सीधे अमरपाटन थाने पहुंचकर पुलिस को आपबीती सुनाई और वीडियो सबूत सौंपे.पीड़िता ने बताया कि सफर के दौरान आरोपी ने स्वयं को अमरपाटन पीजी कॉलेज का प्रोफेसर बताया था, जिसकी पुष्टि बस में मौजूद अन्य छात्रों ने उसकी फोटो देखकर की.

अमरपाटन थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया गया है.पुलिस वीडियो रिकॉर्डिंग को साक्ष्य के रूप में जांच में शामिल कर आगे की कार्रवाई कर रही है.

कॉलेज में भारी विरोध प्रदर्शन
इस घटना की खबर फैलते ही शासकीय महाविद्यालय अमरपाटन में आक्रोश की लहर दौड़ गई. आरोपी प्रोफेसर की बर्खास्तगी और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर सैकड़ों की संख्या में छात्राएं कॉलेज परिसर में धरने पर बैठ गईं.चिलचिलाती धूप के बावजूद छात्राएं तख्तियां लेकर नारेबाजी करती रहीं.

प्रदर्शनकारियों ने तहसीलदार आरडी साकेत को कमिश्नर के नाम ज्ञापन सौंपकर तत्काल कड़े कदम उठाने की मांग की है.
विवादों से पुराना नाता
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर आलोक सिन्हा का व्यवहार पूर्व में भी विवादित रहा है:
प्राचार्य से मारपीट: पूर्व में आलोक सिन्हा पर कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ. एसपी सिंह के साथ मारपीट करने का आरोप लग चुका है, जिसकी FIR भी दर्ज हुई थी.
छात्राओं से बदतमीजी: महज एक सप्ताह पहले भी छात्राओं ने उन पर सेशनल कॉपी जमा न करने और दुर्व्यवहार करने के आरोप लगाए थे, जिसके चलते कॉलेज में काफी बवाल हुआ था.
फिलहाल, पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और उच्च शिक्षा विभाग को भी इस संबंध में सूचित किया गया है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com