सीधी: ‘अभियान प्रहार 2.0’ के तहत बड़ी कार्रवाई, बाइक से गांजा सप्लाई कर रहा तस्कर जमोड़ी पुलिस की गिरफ्त में

सीधी: पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के कुशल निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में ‘अभियान प्रहार 2.0’ के तहत जमोड़ी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम कसते हुए सफलता हासिल की है. थाना प्रभारी जमोड़ी उनि दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर अवैध गांजा परिवहन कर रहे आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.
सटीक सूचना और त्वरित घेराबंदी
थाना प्रभारी जमोड़ी को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम छिरौही निवासी राजलाल कोल अपनी मोटरसाइकिल से अवैध गांजा लेकर बिक्री हेतु गाड़ा खोह की ओर से आ रहा है. सूचना की तस्दीक हेतु पुलिस टीम ने बिना समय गवाए ग्राम छिरौही के रास्ते पर मोर्चा संभाला. कुछ ही देर में संदेही मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया, जिसे रोककर उसकी तलाशी ली गई.
जब्ती एवं वैधानिक कार्रवाई
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक सफेद बोरी में 01 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 22,500 रुपये है. पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (कीमत 50,000 रुपये) सहित कुल 72,500 रुपये का मशरूका विधिवत जप्त किया. आरोपी राजलाल कोल (33 वर्ष) के विरुद्ध धारा 8, 20(बी) एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. जिसे वैधानिक कार्यवाही पूर्ण कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा.
टीम की उल्लेखनीय भूमिका
इस सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी जमोड़ी उनि दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, सहायक उप निरीक्षक गोविंद लाल साकेत, प्रधान आरक्षक – रामखेलावन पनिका, गुरु प्रसन्न सिंह, महिला प्रधान आरक्षक कुसुम कली, आरक्षक – सतीश तिवारी, अंकित सिंह, महेंद्र शुक्ला एवं अभिषेक सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा.