बारिश के मौसम में बनाएं पनीर पॉपकॉर्न, चाय के साथ सर्व करने के लिए है परफेक्ट स्नैक

बारिश के मौसम में शाम की चाय के साथ ज्यादातर लोग पकौड़े या फिर पापड़ खाना पसंद करते हैं। लेकिन अगर आप इन दोनों चीजों को खाकर ही बोर हो गए हैं तो इस बार कुछ नया ट्राई करें। यहां हम पनीर पॉपकॉर्न बनाने का तरीका बता रहे हैं। इसे आप शाम की चाय के साथ सर्व कर सकते हैं। पनीर से बना ये स्नैक स्वाद में बहुत अच्छा लगता ही है। यहां सीखिए इसे बनाने का तरीका।
पनीर पॉपकॉर्न बनाने के लिए आपको चाहिए-
पनीर मेरिनेट करने के लिए-
– 500 ग्राम पनीर
– 1-2 कद्दूकस हरी मिर्च
– 1 बड़ा चम्मच कद्दूकस किया लहसुन
– 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
– 1/2 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
– 1/2 छोटा चम्मच चाट मसाला
– 1 छोटा चम्मच गरम मसाला
– स्वादानुसार नमक
घोल बनाने के लिए-
– 2 कप बेसन
– 1 कप चावल का आटा
– 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
– 1/2 छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
– 1/2 छोटा चम्मच ऑरिगेनो
– 1 छोटा चम्मच चाट मसाला
– 1 छोटा चम्मच चिली फ्लेक्स
– फ्रेश हरा धनिया
-स्वादानुसार नमक
– आवश्यकतानुसार पानी
– 1 कटोरी कॉर्नफ्लेक्स
– तलने के लिए तेल
कैसे बनाएं पनीर पॉपकॉर्न
पनीर पॉपकॉर्न बनाने के लिए सबसे पहले फ्रेश पनीर लें और इसे छोटे क्यूब्स शेप में काट लें। फिर कद्दूकस हरी मिर्च, कद्दूकस किया लहसुन, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर, चाट मसाला, गरम मसाला और नमक को अच्छे से मिक्स करें और हल्के हाथों से पनीर को इस मसाले में लपेटें। फिर इसे एक तरफ रखें और घोल तैयार करें। इसके लिए एक बड़े बर्तन में बेसन, चावल का आटा, लाल मिर्च पाउडर, काली मिर्च पाउडर, ऑरिगेनो, चाट मसाला, चिली फ्लेक्स, हरा धनिया, नमक मिलाएं। फिर जरूरत के मुताबिक इसमें पानी मिलाएं। एक स्मूद घोल तैयार करें। इस घोल में मेरिनेट किए पनीर को डालें। एक प्लेट में कॉर्नफ्लेक्स निकालें और फिर इसे हाथ से दबाएं और पाउडर बना लें। अब पनीर के एक-एक टुकड़े को बेसन में लपेटने के बाद कॉर्नफ्लैक्स में लपेटें और फिर गर्म तेल में गोल्डन ब्राउन होने तक तलें।











