सावन में बनाएं कच्चे केले की टिक्की, मुंह का जायका बदल देगी चटपटी फलाहार रेसिपी

सावन का पवित्र महीना शुरू हो चुका है। यह माह भगवान शिव को समर्पित माना जाता है। इस माह भालेबाबा के भक्त सोलह सोमवार का व्रत रखकर भगवान शिव को प्रसन्न करने की कोशिश करते हैं। व्रत के दौरान फलाहार करने का भी नियम बताया गया है। लोग फलाहार करने के लिए कई तरह की चीजें बनाते हैं। लेकिन आप अगर इस सावन अपने मुंह का जायका और सेहत दोनों को बनाए रखना चाहते हैं तो ट्राई करें कच्चे केले की टिक्की की ये चटपटी रेसिपी। ये फलाहार रेसिपी खाने में इतनी टेस्टी और बनाने में इतनी आसान है कि आप इसे सावन के बाद भी शाम के नाश्ते में चाय के साथ सर्व कर सकते हैं।

कच्चे केले की टिक्की बनाने के लिए सामग्री

-3 कच्चे केले

-2 हरी मिर्च

-1 इंच लंबा अदरक का टुकड़ा

-1/4 कप हरे उबले हुए मटर

-1 चुटकी हींग

-1/4 चम्मच लाल मिर्च पाउडर

-1/2 चम्मच गरम मसाला पाउडर

-1/4 चम्मच आमचूर पाउडर

-नमक स्वादानुसार

-तलने के लिए तेल

-1/2 कप कुटी हुई सेवियां

कच्चे केले की टिक्की बनाने का तरीका

कच्चे केले की टिक्की बनाने के लिए सबसे पहले कच्चे केले उबालने के बाद उनका छिलका उतार लें। इसके बाद केलों को एक बाउल में डालकर अच्छी तरह मैश करें। अब मिक्सी में हरी मिर्च, अदरक और मटर डालकर पीसने के बाद केले वाले बाउल में डाल दें। बाउल में हींग, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला पाउडर, आमचूर पाउडर और नमक डालकर अच्छी तरह सभी चीजों को मिला लें।

अब एक कड़ाही में तेल गर्म कर लें। बाउल में रखें केले के मिश्रण को हाथ में लेकर उससे टिक्की बनाकर एक प्लेट में रखते जाएं। अब एक प्लेट में क्रश की हुई सेवईं रखें। पहले से तैयार की हुई टिक्की को सेवईं की प्लेट पर रोल करें ताकि सेवईं टिक्की पर अच्छी तरह चिपक जाए। अब गर्म तेल में केले की टिक्की को गोल्डन फ्राई करें। आपकी फलाहारी कच्चे केले की टिक्की बनकर तैयार है। आप इसे हरी चटनी या दही के साथ खा सकते हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close