बहराइच में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई विवाहिता की मौत, जांच में जुटी पुलिस

बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस की टेम पूरी घटना की जांच में जुटी हुई है. बहराइच के मोतीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

मृतका की पहचान 22 वर्षीय सविता के रूप में हुई है, जिसकी शादी लगभग दो साल पहले सेमरहना निवासी रविंदर पुत्र चंद्रभान से हुई थी. सविता के पिता अर्जुन निषाद ने मोतीपुर थाने में अपनी बेटी की संदिग्ध मौत की सूचना दी. सूचना मिलते ही मोतीपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची.

मामले की गंभीरता को देखते हुए जनपद बहराइच की फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया. पुलिस ने शव का पंचायतनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की. पुलिस ने मजिस्ट्रेट को भी सूचित कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. मृतका के मायके पक्ष ने मौत को संदिग्ध बताते हुए गहन जांच की मांग की है.

मोतीपुर थाना प्रभारी आनंद चौरसिया ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा. पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है.

close