मारुति ने हर दिन बेचीं 7,266 कारें, मार्च में बना दिया बिक्री का रिकॉर्ड

देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी ने मार्च 2026 में अपनी बिक्री में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की है. कंपनी की बिक्री में सालाना आधार पर करीब 5% की बढ़ोतरी हुई है, जो यह दिखाता है कि बाजार में इसकी गाड़ियों की मांग लगातार बनी हुई है. मार्च 2026 में कंपनी ने कुल 2,25,251 यूनिट्स की बिक्री की, जबकि पिछले साल इसी महीने यह आंकड़ा 1,92,984 यूनिट्स था. अगर हिसाब लगाया जाए तो मारुति ने मार्च में हर रोज 7,266 कारें सेल की हैं. इस बढ़ोतरी में घरेलू बाजार, एक्सपोर्ट और अन्य कंपनियों (OEMs) को सप्लाई का बड़ा योगदान रहा है.
घरेलू कार बिक्री 1,69,428 यूनिट्स रही. वहीं एक्सपोर्ट में भी जबरदस्त तेजी देखने को मिली और यह आंकड़ा बढ़कर 47,040 यूनिट्स हो गया. इसके अलावा कंपनी ने अन्य ऑटो कंपनियों को 8,783 यूनिट्स की सप्लाई की. पूरे वित्त वर्ष 2025-26 (FY26) की बात करें तो मारुति सुजुकी ने कुल 24,22,713 यूनिट्स की बिक्री की, जो पिछले साल के मुकाबले करीब 3% ज्यादा है. खास बात यह है कि कंपनी लगातार तीसरे साल 20 लाख से ज्यादा कारें बेचने में सफल रही है.











