नीमच के रतनगढ़ में भीषण अग्निकांड, धू-धू कर जली ऑयल की दुकान, 25 लाख का सामान खाक

नीमच जिले के रतनगढ़ कस्बे के मुख्य बाजार क्षेत्र में मंगलवार शाम एक भीषण अग्निकांड से हड़कंप मच गया। यहां डीकेन निवासी उमेश पाटीदार की ऑयल की दुकान में अचानक भड़की आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इस हादसे में दुकान के भीतर रखा करीब 25 लाख रुपये का सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया।

रतनगढ़ और डीकेन की दमकल गाड़ियों और स्थानीय युवाओं की मुस्तैदी से आग को आसपास की दुकानों में फैलने से रोक लिया गया। जिससे पूरा बाजार एक बड़े संकट से बच गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे उमेश पाटीदार की दुकान बंद थी। इसी दौरान पड़ोसियों ने दुकान के शटर के नीचे से गाढ़ा काला धुआं निकलते देखा और तत्काल दुकान मालिक को फोन कर इसकी सूचना दी।

शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग

जानकारी मिलते ही उमेश पाटीदार मौके पर पहुंचे, लेकिन जैसे ही उन्होंने दुकान का शटर उठाया, भीतर सुलग रही आग को अचानक ऑक्सीजन मिल गई और लपटें खौफनाक तरीके से बाहर की ओर लपक उठीं। दुकान में भारी मात्रा में मोबिल ऑयल और ज्वलनशील चिकनाई वाले पदार्थ रखे होने के कारण आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को संभलने या भीतर से एक भी सामान बाहर निकालने का मौका नहीं मिला। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

40 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू

बाजार के बीचों-बीच उठे धुएं के गुबार और आग की भयावहता से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही रतनगढ़ और डीकेन नगर परिषद की दो दमकल गाड़ियां बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने स्थानीय युवाओं के सहयोग से अपनी जान जोखिम में डालकर करीब 40 मिनट तक चारों तरफ से पानी की बौछार कर आग की घेराबंदी की। दमकल अमले की इस तत्परता के चलते समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।

नीमच से कमलेश सारड़ा की रिपोर्ट 

 

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close