सूरजपुर में विकास का ‘मेगा धमाका’! 185 करोड़ की सौगात के साथ हितग्राहियों पर बरसी योजनाओं की बारिश

सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने सूरजपुर प्रवास के दौरान जिले को विकास की बड़ी सौगात देते हुए करीब 185 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से विभिन्न कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया. इस दौरान कुल 52 कार्यों का लोकार्पण और 24 कार्यों का भूमिपूजन कर जिले के विकास को नई गति देने का संदेश दिया गया.
मुख्यमंत्री ने कुदरगढ़ में 309.60 लाख रुपये की लागत से बने आधुनिक विश्रामगृह का लोकार्पण किया, वहीं बिहारपुर में 152.85 लाख रुपये की लागत से निर्मित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल भवन का भी उद्घाटन किया. इसके साथ ही जयनगर, तेलईकछरार और द्वारिकानगर में प्राथमिक शाला भवनों का लोकार्पण कर शिक्षा के क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत किया गया.
ग्रामीण विकास को गति देते हुए केंवरा, भैयाथान, सिरसी, लांजित, बिहारपुर, देवनगर, दवना, रामानुजनगर, तिवरागुड़ी और बरबसपुर में 10 अटल सुविधा केंद्र भवनों का लोकार्पण किया गया. इसके अलावा विभिन्न गांवों में आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण भी पूरा कर लिया गया है, जिससे महिलाओं और बच्चों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी.
नगरीय क्षेत्रों में भी विकास कार्यों को बढ़ावा देते हुए सीसी रोड निर्माण, सुंदर घाट और कांजीहाउस बाउंड्रीवाल जैसे कार्यों का लोकार्पण किया गया। इससे शहरी सुविधाओं में भी सुधार की उम्मीद जताई जा रही है.

हर घर तक पहुंचेगा पानी, सड़क और सिंचाई में बड़ा निवेश
पेयजल के क्षेत्र में जिले के 10 गांवों को नल-जल योजना से जोड़ते हुए हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने की दिशा में बड़ी पहल की गई है. राजकिशोरनगर, बसनारा, सिंघरा, जयनगर, कोरिया, सम्बलपुर, केरता, करमपुर, पार्वतीपुर और रामेश्वरपुर में इस योजना के तहत करोड़ों रुपये के कार्य स्वीकृत किए गए हैं.
सड़क निर्माण के क्षेत्र में भी बड़े प्रोजेक्ट की शुरुआत की गई. बिशुनपुर-सूरजपुर-ओड़गी मार्ग (32 किमी), सूरजपुर रिंग रोड (17 किमी), पवनपुर से तिवरागुड़ी मार्ग, पहाड़गांव से गोपालपुर मार्ग और कल्याणपुर-लटोरी-दतिमा-सलका मार्ग जैसे महत्वपूर्ण मार्गों के निर्माण और सुदृढ़ीकरण का भूमिपूजन किया गया. इन सड़कों के बनने से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी में क्रांतिकारी सुधार आने की उम्मीद है.
जल संसाधन विभाग के तहत कई जलाशयों के निर्माण का भी भूमिपूजन किया गया, जिससे सिंचाई क्षमता बढ़ेगी और जल संरक्षण को मजबूती मिलेगी. कुर्रीडीह, बृजेश्वरसागर, सुपाझरिया, बसनारा, बीरपुर, कृष्णपुर और पहिया जलाशय जैसे प्रोजेक्ट किसानों के लिए लाभकारी साबित होंगे.
शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में भी नई पहल
शिक्षा के क्षेत्र में सिलफिली में करीब 1979 लाख रुपये की लागत से उद्यानिकी महाविद्यालय और छात्रावास भवन का भूमिपूजन किया गया. इसके अलावा जवाहर नवोदय विद्यालय बसदेई में अतिरिक्त कक्षों के निर्माण और वृद्धाश्रम केंद्र स्नेह संबल के जीर्णोद्धार कार्यों की भी शुरुआत हुई. इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के माध्यम से हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया. मछली पालन विभाग द्वारा सहकारी समितियों को जाल और आवश्यक सामग्री प्रदान की गई, वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत स्वयं सहायता समूहों को 80-80 हजार रुपये के डेमो चेक दिए गए.
सक्षम योजना के तहत हितग्राहियों को स्वरोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराया गया, जबकि उद्यानिकी विभाग ने ऑयल पाम योजना के तहत अनुदान राशि प्रदान की। कृषि विभाग द्वारा 20 किसानों को स्प्रेयर पंप वितरित किए गए.
स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का भी लाभ
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए आयुष्मान कार्ड, वय वंदना कार्ड और सिकल सेल एनीमिया कार्ड भी हितग्राहियों को वितरित किए गए. दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कदम उठाया गया.
कुदरगढ़ धाम में आस्था और सेवा का संगम

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय चैत्र नवरात्र के अवसर पर मां कुदरगढ़ी धाम भी पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की. इसी दौरान कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न योजनाओं के तहत सामग्री वितरण कर हितग्राहियों को सीधे लाभान्वित किया गया.

सूरजपुर में 185 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की यह सौगात जिले के लिए एक बड़ा मील का पत्थर साबित हो सकती है. सड़क, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे सभी प्रमुख क्षेत्रों में एक साथ किए गए इन कार्यों से जिले के समग्र विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है. मुख्यमंत्री के इस दौरे ने यह स्पष्ट कर दिया है कि सरकार विकास को अंतिम पंक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है.









