AI रीस्ट्रक्चरिंग पर Meta की बड़ी स्वीकारोक्ति, Zuckerberg ने मानी गलतियां

दुनिया भर की टेक कंपनियां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दौड़ में आगे निकलने के लिए अपने कामकाज में बड़े बदलाव कर रही हैं। इसी कड़ी में व्हाट्सऐप, फेसबुक और इंस्टाग्राम की पैरेंट कंपनी Meta ने भी इस साल की शुरुआत में बड़े पैमाने पर AI रीस्ट्रक्चरिंग की थी। इस प्रक्रिया के तहत हजारों कर्मचारियों की छंटनी की गई और कई कर्मचारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया। अब कंपनी के CEO Mark Zuckerberg ने स्वीकार किया है कि इस रीस्ट्रक्चरिंग के दौरान कुछ गलतियां भी हुईं।

हजारों कर्मचारियों पर पड़ा असर

मेटा ने मई में अपने वैश्विक कार्यबल के लगभग 10 प्रतिशत कर्मचारियों को प्रभावित करने वाला बड़ा फैसला लिया था। मार्च के अंत तक कंपनी में करीब 78 हजार कर्मचारी कार्यरत थे। इसके आधार पर लगभग 8 हजार कर्मचारियों की छंटनी की गई, जबकि करीब 7 हजार कर्मचारियों को AI से जुड़े नए प्रोजेक्ट और वर्कफ्लो में स्थानांतरित किया गया।

रिपोर्ट्स के अनुसार, इस पुनर्गठन से कंपनी के कुल कर्मचारियों के लगभग 20 प्रतिशत हिस्से पर प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष प्रभाव पड़ सकता है।

AI को केंद्र में रखकर बदला जा रहा ढांचा

Meta उन प्रमुख टेक कंपनियों में शामिल है जो अपने पूरे कारोबारी मॉडल को AI आधारित बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही हैं। कंपनी का फोकस AI एजेंट्स और ऑटोमेशन टूल्स के इस्तेमाल को बढ़ाने पर है, ताकि कई कार्यों को अधिक दक्षता के साथ पूरा किया जा सके।

कंपनी का मानना है कि AI भविष्य की तकनीक है और इसके जरिए उत्पादकता बढ़ाने के साथ-साथ नई सेवाओं का विकास भी किया जा सकता है।

Zuckerberg ने मानी रीस्ट्रक्चरिंग की चूक

हाल ही में Mark Zuckerberg ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए स्वीकार किया कि AI रीस्ट्रक्चरिंग के दौरान कंपनी से कुछ गलतियां हुई हैं। उन्होंने माना कि बड़े बदलावों के बीच सभी फैसले पूरी तरह सफल नहीं रहे और कुछ क्षेत्रों में बेहतर योजना की जरूरत थी।हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी लगातार सीख रही है और अपनी रणनीति में सुधार कर रही है।

नौकरी की सुरक्षा को लेकर दिया भरोसा

छंटनी के बाद कर्मचारियों के बीच नौकरी की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच Zuckerberg ने भरोसा दिलाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि फिलहाल इस साल और किसी बड़े स्तर की छंटनी की संभावना नहीं है।

इसके साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि टेक इंडस्ट्री में तेजी से हो रहे बदलाव कई बार कंपनियों के नियंत्रण से बाहर होते हैं, इसलिए भविष्य की परिस्थितियां उद्योग के रुझानों पर भी निर्भर करेंगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com