MI vs LSG: हार्दिक पंड्या की जगह सूर्यकुमार बने मुंबई इंडियंस के कप्तान, रोहित शर्मा की वापसी


आईपीएल 2026 में लगातार हार से जूझ रही मुंबई इंडियंस को अब एक बड़ा झटका लगा है. प्लेऑफ की रेस में किसी तरह बने रहने की कोशिश कर रही 5 बार की चैंपियन मुंबई को अपने अगले मैच में कप्तान हार्दिक पंड्या के बिना ही उतरना पड़ रहा है. लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ ‘करो या मरो’ के मैच से हार्दिक पंड्या बाहर हो गए. उनकी जगह सूर्यकुमार यादव इस मैच में टीम की कप्तानी करेंगे. हालांकि, टीम को एक बड़ी राहत भी मिली है क्योंकि पूर्व कप्तान और स्टार ओपनर रोहित शर्मा फिट होकर टीम में लौट आए हैं.
अपने होम ग्राउंड वानखेडे स्टेडियम में लगातार 4 हार के बाद लखनऊ के खिलाफ खेलने उतरी मुंबई की जिम्मेदारी इस मैच में स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को मिल गई. टॉस से पहले जब हार्दिक पंड्या टीम की प्रैक्टिस के दौरान नहीं दिखे, तो तभी से आशंका जताई जा रही थी कि वो इस मैच से बाहर हो सकते हैं. फिर जैसे ही सूर्यकुमार यादव टीम की ड्रेस में टॉस के लिए पहुंचे तो ये आशंका सही साबित हो गई.
मगर हार्दिक इस मैच से क्यों बाहर हुए? टॉस जीतकर पहले फील्डिंग चुनने के बाद सूर्यकुमार यादव ने इसका जवाब दिया. सूर्या ने बताया कि हार्दिक की तबीयत ठीक नहीं थी, जिसके चलते वो इस मैच में नहीं खेल पाएंगे. इस सीजन में ये दूसरा मौका है जब हार्दिक पंड्या नहीं खेल रहे हैं. इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में भी हार्दिक फिटनेस के कारण नहीं खेल पाए थे. तब भी सूर्या ने ही कमान संभाली थी. हालांकि, वो मैच मुंबई हार गई थी. ऐसे में क्या इस बार सूर्या टीम की किस्मत बदल पाएंगे, ये देखने लायक होगा.
(खबर अपडेट हो रही है)











