MI vs PBKS: सिर पर जोर से लगी बॉल तो मैच छोड़कर गया बाहर, फिर लौटते ही बदल दी पंजाब की तकदीर

MI vs PBKS: सिर पर जोर से लगी बॉल तो मैच छोड़कर गया बाहर, फिर लौटते ही बदल दी पंजाब की तकदीर

चैंपियन कोई भी बने, सबसे ज्यादा रन और विकेट का अवॉर्ड कोई भी जीते लेकिन इन सबके अलावा आईपीएल 2026 को अगले कुछ सालों के लिए याद रखा जाएगा खिलाड़ियों की चोट के लिए. सीजन शुरू होने से पहले ही कुछ बड़े खिलाड़ी चोट के कारण बाहर हो गए. सीजन के बीच में भी ये हाल जारी रहा और मैच के दौरान भी अलग-अलग वक्त पर किसी न किसी को चोट लगी. मगर एक खिलाड़ी की कहानी तो बिल्कुल अलग ही रही, जिसके सिर पर फील्डिंग करते हुए गेंद लग गई और उसे मैदान छोड़ना पड़ा. मगर मैदान पर लौटते ही इस खिलाड़ी ने टीम की मुश्किलें कम कर दीं. ये खिलाड़ी हैं शशांक सिंह.

मुंबई के वानखेडे स्टेडियम में पंजाब किंग्स के ऑलराउंडर शशांक सिंह के साथ कुछ ऐसा हुआ, जब उनकी टीम मुंबई इंडियंस से भिड़ रही थी. इस मैच में पंजाब की टीम पहले गेंदबाजी कर रही थी और उसे शुरुआत भी अच्छी मिली थी, जब अर्शदीप सिंह ने तीसरे ओवर में ही लगातार गेंदों पर रायन रिकलटन और सूर्यकुमार यादव के विकेट झटक लिए थे. इसके बाद नमन धीर और क्विंटन डिकॉक ने पंजाब के गेंदबाजों की धुनाई कर दी. दोनों ने मिलकर पंजाब को विकेट के लिए तरसा दिया.

मगर गेंदबाजों की धुनाई से पहले पंजाब ने खुद अपने लिए मुश्किलें बढ़ा दीं, जब शशांक सिंह चोटिल हो गए, वो भी अपने ही कप्तान के हाथों. ये सब हुआ पारी के छठे ओवर की आखिरी गेंद पर. नमन धीर इस गेंद पर तेजी से एक रन के लिए दौड़े. वहीं पर पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर ने गेंद को स्टंप की तरफ फेंककर रन आउट की कोशिश की. वो इसमें तो सफल नहीं हुए लेकिन स्टंप के दूसरी ओर गेंद रोकने के लिए तैनात शशांक इसकी चपेट में आ गए. असल में गेंद मैदान पर गिरकर अचानक तेजी से उछली और शशांक के सिर पर जोर से लग गई.

इसके चलते शशांक को मेडिकल टीम की मदद की जरूरत पड़ी और फिर उन्हें मैदान छोड़कर जाना पड़ा. उन्होंने अपने सिर पर बर्फ से भरा पैकेट रखा हुआ था, ताकि कुछ राहत मिले. कुछ देर तक डग आउट पर बैठे रहने का फायदा हुआ और शशांक जल्द ही ठीक हो गए. फिर ठीक होकर जब वो लौटे तो कप्तान श्रेयस अय्यर ने कुछ देर बाद उन्हें गेंद थमाई और इसका फायदा हो गया. शशांक ने नमन धीर को आउट कर डिकॉक के साथ उनकी 122 रन की विस्फोटक साझेदारी का अंत कर टीम को बड़ी राहत दिलाई.

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com