सूरजपुर: बच्चों के पेट पर डाका! प्रधानपाठक की कार से मिला मिड-डे मील का चावल, ग्रामीणों ने पकड़ा

सूरजपुर: जिले के ओड़गी विकासखंड अंतर्गत माध्यमिक शाला रामपुर में मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) के चावल को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है. ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने स्कूल के प्रधानपाठक पर बच्चों के लिए आने वाले चावल को चोरी कर ले जाने का गंभीर आरोप लगाया है. इस घटना के बाद गांव में काफी नाराजगी देखी जा रही है और ग्रामीणों ने दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

जानकारी के अनुसार, माध्यमिक शाला रामपुर के प्रधानपाठक राणा गुप्ता को 3 मार्च 2026 की शाम करीब 6:15 बजे उनके वाहन में मध्याह्न भोजन का चावल ले जाते हुए ग्रामीणों ने पकड़ लिया. आरोप है कि प्रधानपाठक अपने कार नंबर CG15 CZ 3559 की डिग्गी में दो बोरी चावल (करीब एक क्विंटल) लोड कर स्कूल से घर ले जा रहे थे. उस समय स्कूल में न तो बच्चे मौजूद थे और न ही अन्य शिक्षक.

ग्राम पंचायत रामपुर के सरपंच प्रतिनिधि राजेश बियार को इस संबंध में सूचना मिली. सूचना मिलने के बाद उन्होंने तत्काल वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन प्रधानपाठक ने गाड़ी नहीं रोकी. इसके बाद राजेश बियार ने बाइक से उनका पीछा किया और ब्रिजेश काशी के घर के पास जाकर वाहन को रुकवाया.

बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद पंचों और ग्रामीणों ने जब वाहन की डिग्गी खुलवाई तो उसमें दो बोरी चावल रखा मिला. इस दौरान प्रधानपाठक से पूछताछ भी की गई, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया.

मामले को लेकर जब शासकीय उचित मूल्य दुकान रामपुर के विक्रेता से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि 3 मार्च 2026 को ही प्रधानपाठक चार बोरी चावल दुकान से लेकर गए थे. इस खुलासे के बाद ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया और उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस और शिक्षा विभाग से करने का निर्णय लिया.

घटना की जानकारी तत्काल ओड़गी थाना पुलिस और विकासखंड शिक्षा अधिकारी को दी गई. ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

इस संबंध में विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की लिखित शिकायत प्राप्त हुई है. उन्होंने कहा कि यह चोरी का मामला प्रतीत हो रहा है और इसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है. जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस और शिक्षा विभाग इस पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं. वहीं गांव में इस घटना को लेकर लोगों में काफी नाराजगी है और ग्रामीण जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

close