राजस्थान: महाराष्ट्र से बरामद हुई नाबालिग, अपहरण-गैंगरेप व पॉक्सो मामले में दो इनामी आरोपी गिरफ्तार

डीडवाना–कुचामन: जिले के पीलवा थाना क्षेत्र में दर्ज गैंगरेप, अपहरण और पॉक्सो एक्ट के गंभीर प्रकरण में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. ऋचा तोमर, पुलिस अधीक्षक डीडवाना–कुचामन के निर्देशन मे कार्रवाई करते पीलवा पुलिस ने दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अपहर्ताओ को महाराष्ट्र के इचलकरंजी से सुरक्षित दस्तयाब किया गया.

मामला 7 फरवरी 2026 को सामने आया, जब पीड़िता ने पीलवा थाने में रिपोर्ट देकर आरोप लगाया कि उसे बहला-फुसलाकर ले जाया गया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया. इसी बीच 14 फरवरी को पीड़िता के चचेरे भाई ने भी रिपोर्ट दी कि उसकी ताऊ की लड़की को भरत वैष्णव व अन्य व्यक्ति एक स्विफ्ट कार में जबरन डालकर ले गए. दोनों मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित अनुसंधान शुरू किया.

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेमीचंद खारिया तथा वृताधिकारी मकराना विक्की नागपाल के सुपरविजन में थानाधिकारी पीलवा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. फरार आरोपियों भरत वैष्णव और गोपाल उर्फ गुड्डू पर 1000-1000 रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था.

पुलिस टीम ने तकनीकी व फील्ड इंटेलिजेंस के आधार पर कार्रवाई करते हुए पीड़िता को इचलकरंजी (महाराष्ट्र) से सुरक्षित बरामद किया और दोनों आरोपियों को डिटेन कर गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों में भरत लाल पुत्र बाबूदारा निवासी नरमा तथा गोपाल सैन उर्फ रामगोपाल पुत्र नथमल सैन निवासी भकरी शामिल हैं.

इस अवसर पर एएसपी नेमीचंद खारिया ने कहा कि नाबालिगों व महिलाओं से जुड़े अपराधों में किसी भी सूरत में ढिलाई नहीं बरती जाएगी. उन्होंने बताया कि पुलिस की प्राथमिकता पीड़िता की सुरक्षा, त्वरित अनुसंधान और आरोपियों को सख्त सजा दिलाना है. उन्होंने टीम के बेहतर समन्वय और तत्परता की सराहना की.

कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक महिराम विश्नोई थानाधिकारी पीलवा के नेतृत्व में हैड कांस्टेबल हनुमानराम, हैड कांस्टेबल दयाराम, कांस्टेबल रविन्द्र कुमार, कांस्टेबल ओमप्रकाश, कांस्टेबल पुखराज, कांस्टेबल नन्दकिशोर, कांस्टेबल हरफूल, कांस्टेबल महेन्द्र कुमार, कांस्टेबल मनीष तथा महिला कांस्टेबल संतोष की विशेष भूमिका रही.

पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम अनुसंधान शुरू कर दिया है. मामले में अन्य संभावित आरोपियों के बारे में पूछताछ जारी है.

close