शिलाजीत बताकर पुलिस को किया गुमराह, जांच में निकली अफीम,आरोपी गिरफ्तार

जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 133.3 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी जगदलपुर के गोयलबाड़ी तिराहा के पास अफीम बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा था। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

पुलिस को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति गोयलबाड़ी तिराहा क्षेत्र में नशीले पदार्थ की बिक्री के लिए मौजूद है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसकी गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने पर तलाशी ली गई।

शिलाजीत बताकर बचने की कोशिश

तलाशी के दौरान बरामद पदार्थ के बारे में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह शिलाजीत है। हालांकि पुलिस को संदेह होने पर FSL किट से मौके पर ही परीक्षण कराया गया। जांच में पदार्थ अफीम पाया गया, जिसके बाद आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।

राजस्थान का रहने वाला है आरोपी

गिरफ्तार आरोपी की पहचान जगदीश चौधरी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से राजस्थान के जोधपुर का निवासी है। पुलिस जांच में सामने आया कि वह जगदलपुर में किराए के मकान में रहकर नशे के कारोबार को संचालित कर रहा था।

66 हजार रुपये से अधिक की अफीम जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 133.3 ग्राम अफीम बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 66 हजार 500 रुपये बताई गई है। मामले में आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 18(B) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

नशे के कारोबारियों पर जारी रहेगा अभियान

बस्तर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com