23 घंटे के लिए मोबाइल बैन, पंजाब में ठोका 28 गेंदों में शतक, ये है प्रियांश आर्या की सफलता का राज़


प्रियांश आर्या ने आईपीएल 2026 में अपनी ताबड़तोड़ बैटिंग से सबका दिल जीत लिया है. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ 9 छक्कों की मदद से 93 रन ठोक दिए. उनकी इस तूफानी पारी के दम पर पंजाब को शानदार जीत मिली. ऐसा नहीं है कि ये खिलाड़ी पहली बार इतनी विस्फोटक बल्लेबाजी कर रहा हो. पिछले सीजन में भी प्रियांश आर्या ने अपनी धमक दिखाई थी लेकिन इस सीजन ये खिलाड़ी और खतरनाक नजर आ रहा है. आखिर कैसे प्रियांश ने दूसरे सीजन में भी अपनी फॉर्म जारी रखी इसका जवाब उनके बचपन के कोच संजय भारद्वाज ने दिया.
प्रियांश आर्या ने कैसे की तैयारी
आईपीएल 2026 से पहले कोच संजय भारद्वाज ने उन्हें अहंकार को मैदान से बाहर रखने की सलाह दी. उन्होंने कहा, ‘प्रियांश को मैंने यही समझाया कि जब आप क्रिकेट के मैदान पर एंट्री करते हो तो अहंकार बाहर रखना चाहिए. अगर आप फल हो गए हो तो आपको कभी उसका अहंकार महसूस नहीं करना चाहिए.’ संजय भारद्वाज ने कहा कि प्रियांश आर्या की सबसे अच्छी बात ये रही कि ये खिलाड़ी बिल्कुल नहीं बदला है. उन्होंने कहा, ‘प्रियांश में मैंने जो सबसे बड़ी खूबी देखी है, वो ये है कि आईपीएल की चकाचौंध ने उसे जरा भी नहीं बदला है. वह आईपीएल से पहले मैच प्रैक्टिस करना चाहता था. प्रियांश हमारे साथ मानसा आया और 28 गेंदों में शतक बनाया. उन्होंने अपनी खूबियों से कोई छेड़छाड़ नहीं की है. प्रियांश की सबसे बड़ी ताकत है बल्ले की जबरदस्त गति, हाथ-आंख का बेहतरीन तालमेल और गेंद को देर से खेलना. प्रियांश इसी पर कायम रहता है.’
1 घंटे फोन का इस्तेमाल
प्रियांश आर्या के कोच संजय भारद्वाज भोपाल के बाहरी इलाके बिलकिसगंज में क्रिकेट एकेडमी चला रहे हैं. आईपीएल 2025 से पहले प्रियांश ने इसी एकेडमी में प्रैक्टिस की थी. उन्होंने कहा, ‘प्रियांश ने 2025 आईपीएल से पहले यहां ट्रेनिंग ली थी. इस बार वो कुछ दिनों के लिए आए. मैं अपने स्टूडेंट्स को दिन में एक घंटे से ज्यादा मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं देता हूं. रात 9:30 बजे तक लाइटें बंद कर दी जाती हैं और अगले दिन सुबह 6 बजे तक सभी को मैदान पर पहुंचना होता है.’ प्रियांश ने भी इसी तरह ट्रेनिंग की और उसका नतीजा अब आईपीएल 2026 में नजर आ रहा है.











