मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 9 घंटे में 70.8 मिमी बारिश; चित्रकोट जलप्रपात का बढ़ा जलस्तर

सावन की शुरुआत से ठीक पहले छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में मानसून ने जोरदार दस्तक दी है। बीते नौ घंटे में 70.8 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे खेतों में पानी भर गया और धान की रोपाई में जुटे किसानों को बड़ी राहत मिली। लगातार हो रही बारिश के कारण प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात का जलप्रवाह भी तेज हो गया है।
किसानों के लिए राहत, खेतों में लौटी रौनक
लगातार हुई बारिश से कृषि कार्यों को गति मिली है। खेतों में पर्याप्त पानी भरने के बाद धान की रोपाई का काम तेज हो गया है। किसानों का कहना है कि समय पर हुई बारिश से इस बार फसल उत्पादन बेहतर रहने की उम्मीद बढ़ गई है।
चित्रकोट जलप्रपात में उमड़ा पानी, बढ़ी पर्यटकों की आवाजाही
मूसलाधार बारिश का असर चित्रकोट जलप्रपात पर भी साफ दिखाई दे रहा है। जलधाराएं तेज वेग से बह रही हैं, जिससे जलप्रपात का प्राकृतिक सौंदर्य और भी आकर्षक हो गया है। इस नजारे को देखने के लिए आसपास के जिलों सहित दूर-दराज से पर्यटक बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।
अगले 72 घंटे तक बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार बस्तर संभाग में अगले 72 घंटे तक अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है। गुरुवार को बारिश की तीव्रता कुछ कम रह सकती है, लेकिन इसके बाद बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मिलने और मानसूनी तंत्र के सक्रिय रहने से फिर तेज बारिश का दौर शुरू होने के संकेत हैं। मंगलवार से शुरू हुई बारिश बुधवार देर शाम तक लगातार जारी रही, जिससे पूरे क्षेत्र में जनजीवन और मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया।











