भदैया में 30 से अधिक ईंट भट्ठे बिना जिगजैग मॉडल, सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का उल्लंघन; केवल 3 पर लागू हुआ मॉडल

सुल्तानपुर: भदैया क्षेत्र में सुप्रीम कोर्ट और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आदेशों के बावजूद 30 से अधिक ईंट भट्ठे बिना जिगजैग मॉडल के संचालित हो रहे हैं. एक साल पहले सर्वोच्च न्यायालय ने बिना जिगजैग सिस्टम वाले ईंट भट्ठों के संचालन पर रोक लगाने का आदेश दिया था. इन भट्ठों में से कई बिना प्रदूषण बोर्ड के अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) और आधिकारिक अनुमति के चल रहे हैं. भदैया के रमाशंकर सिंह, दीपक सिंह, सुरेंद्र बहादुर सिंह और राम सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर इसकी शिकायत की थी.

शिकायत में कहा गया था कि उनके खेतों के बगल में तीन फीट गहरी मिट्टी निकालकर भट्ठे संचालित किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण बीमार पड़ रहे हैं और प्रदूषण फैल रहा है. ग्रामीणों ने यह भी बताया कि एक ईंट भट्ठे के बगल में एलपीजी गैस एजेंसी का गोदाम होने से उनके जीवन पर भी खतरा बना हुआ है. इस शिकायत का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय के निर्देश पर एक जांच टीम ने मौके पर आकर पड़ताल की थी. न्यायालय के आदेश के बाद सरकार ने ईंट भट्ठों पर जिगजैग मॉडल लागू किया था. भदैया में पूरेबाघराय और किरतापूरा गांव सहित केवल तीन ईंट भट्ठे ही इस मॉडल के तहत संचालित हैं.

आरोप है कि अन्य भट्ठा मालिक उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा लागू जिगजैग मॉडल बनाने का वादा कर इसे लागू नहीं कर रहे हैं. स्थानीय अधिकारियों की कथित मिलीभगत से इन ईंट भट्ठों का संचालन जारी है, जिससे गांव के लोगों, फसलों और पेड़-पौधों पर प्रदूषण का प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और लोग बीमार हो रहे हैं. कुछ महीने पहले, भदैया के अभियाकला, पन्नाटिकरी और बभनगंवा सहित लगभग छह ईंट भट्ठों पर प्रदूषण विभाग द्वारा बंदी की कार्रवाई की गई थी.

हालांकि, इन भट्ठा मालिकों ने मॉडल बनाने का वादा कर अपना संचालन फिर से शुरू कर दिया है. प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, रायबरेली के क्षेत्रीय अधिकारी प्रदीप कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि सुरक्षा मानकों को पूरा न करने वाले कुछ ईंट भट्ठों को बंद करने का आदेश दिया गया है. उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com