MP: कटनी में भीषण हादसा… अनियंत्रित होकर सड़क पर पलटी बस, 3 की मौत

मध्य प्रदेश के कटनी जिले में बस पलटने से दर्दनाक हादसा हो गया. कुठला थाना क्षेत्र के विजयराघवगढ़ मोड पर यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई. इस हादसे में तीन लोगों की मौत की खबर आ रही है, जबकि कई यात्री घायल बताए जा रहे हैं. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया.
जानकारी के मुताबिक, कटनी के कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत लमतरा फाटक के पास हादसा हुआ है. हादसे के दौरान हाइवा और बस में टक्कर हो गई, जिससे बस सड़क पर ही पलट गई, बस कटनी से विजयराघवगढ़ की तरफ जा रही थी. वहीं बस को लेकर भी जानकारी सामने आ रही है, बस गुप्ता बस सर्विस की बताई जा रही है.
मौके पर मौजूद पुलिस
घटना की जानकारी के बाद तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और एक दर्जन से अधिक गंभीर रूप से घायल लोगों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया है. इस हादसे में करीब तीन लोगों के मौत की जानकारी सामने आ रही है. वहीं आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है.
हाइवा से टक्कर के बाद पलटी बस
हादसे को लेकर एक पुलिस अधिकारी ने जानकारी देते हुए कहा कि एक हाइवा और बस की टक्कर होने के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट जाने की सूचना प्राप्त हुई थी. इस हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है. उन्होंने कहा कि बस विजयवाड़ा की तरफ की जा रही थी.











