MPL वुमन लीग का टीम ड्राफ्ट पूरा, शिखर धवन-महाआर्यमन की दिखी जुगलबंदी


मध्य प्रदेश क्रिकेट लीग (MPL) के वुमन विंग का टीम ड्राफ्ट गुरुवार को ग्वालियर के इम्पीरियल गोल्फ रिसोर्ट में संपन्न हुआ. एमपीएल के संस्थापक और एमपीसीए अध्यक्ष महाआर्यमन सिंधिया के साथ-साथ भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी शिखर धवन और पूर्व भारतीय क्रिकेटर सबा करीम की मौजूदगी ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया.
कार्यक्रम की शुरुआत एमपीसीए अध्यक्ष महाआर्यमन सिंधिया के संबोधन से हुई. उन्होंने कहा कि एमपीएल ने मात्र तीसरे वर्ष में ही देश की सबसे बड़ी लीग के रूप में अपनी पहचान बना ली है.
देश की सबसे सफल लीगों में बनाया स्थान
यह लीग अब देश की सबसे सफल लीगों में भी स्थान बना चुकी है. उन्होंने कहा कि आज आईपीएल और अन्य प्रमुख लीगों में एमपीएल से जुड़े खिलाड़ी अपनी पहचान बना रहे हैं. उन्होंने एमपीएल वुमन टीमों के पांचों मालिकों की तारीफ करते हुए कहा कि आप सभी मध्य प्रदेश के क्रिकेट को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं.
शिखर धवन ने की महाआर्यमन की तारीफ
ग्वालियर में आयोजित इस कार्यक्रम में शिखर धवन अपनी पत्नी सोफी धवन के साथ शामिल हुए. उन्होंने द वन हाई परफॉर्मेंस सेंटर की स्थापना और एमपीएल वुमन टीम ड्राफ्ट के अवसर पर अपने संबोधन में मध्य प्रदेश के क्रिकेट के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
उन्होंने महाआर्यमन सिंधिया की तारीफ करते हुए कहा कि पिछले 23 वर्षों में मध्य प्रदेश क्रिकेट में बड़ा सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है. एमपीएल की शुरुआत कर उन्होंने राज्य के खिलाड़ियों को एक बड़ा मंच प्रदान किया है.
सबा करीम ने माधवराव सिंधिया को किया याद
पूर्व भारतीय क्रिकेटर, चयनकर्ता, कोच और ब्रॉडकास्टर सबा करीम ने वुमन स्टेट लीग को लेकर उत्साह देखकर खुशी जताई. उन्होंने महाआर्यमन सिंधिया को शुभकामनाएं देते हुए माधवराव सिंधिया को याद किया. उन्होंने कहा कि बीसीसीआई में उनके कार्यकाल के दौरान कई सकारात्मक बदलाव हुए, और आज भारतीय क्रिकेट जिस ऊंचाई पर है, उसमें उनका बड़ा योगदान है.
पांच टीमों ने चुनी अपनी-अपनी स्क्वॉड
एमपीएल ड्राफ्ट में 303 राज्य स्तरीय महिला खिलाड़ियों में से पांच टीमों ने अपनी रणनीति के अनुसार खिलाड़ियों का चयन किया. पिछले साल जहां तीन टीमें थीं, वहीं इस साल टीमों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है.
पांच टीमों की सूची
- चंबल घड़ियाल
- ग्वालियर शेरनी
- रॉयल निमाड़ ईगल्स
- भोपाल वूल्व्स
- बुंदेलखंड बुल्स
इंदौर में होगा एमपीएल 2026 सीजन
मध्य प्रदेश क्रिकेट लीग 2026 के सभी मैच इंदौर में आयोजित किए जाएंगे. एमपीएल की शुरुआत 3 जून से होगी और यह सीजन लगभग 28 दिनों तक चलेगा.











