मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज 18 जुलाई को जारी करेगी नतीजे, जानें ब्रोकरेज के अनुमान

मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के तिमाही नतीजों का ऐलान इसी महीने होगा। शुक्रवार, 11 जुलाई को कंपनी ने एक्सचेंज को दी जानकारी में बताया कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही के नतीजों का ऐलान 18 जुलाई को हो सकता है।

एक्सचेंज को दी जानकारी में रिलायंस इंडस्ट्रीज ने बताया है, “कंपनी की बोर्ड मीटिंग 18 जुलाई 2025 को प्रस्तावित है।” इसी दिन बोर्ड की तरफ से तिमाही नतीजों का ऐलान किया जा सकता है।

क्या उम्मीद कर रहे हैं एक्सपर्ट?

कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटी की रिपोर्ट के अनुसार रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रॉफिट (टैक्स भुगतान के बाद) में सालाना आधार पर 29 प्रतिशत का इजाफा हो सकता है। ब्रोकरेज हाउस का मानना है कि प्रॉफिट (टैक्स भुगतान के बाद) 19517 करोड़ रुपये रह सकता है। इसमें बड़ा योगदान एशियन पेंट्स में हिस्सेदारी बेचने की वजह से देखने को मिल सकता है। हालांकि, ब्रोकरेज हाउस का कहना है कि रिलायंस इंडस्ट्रीज के सेल्स में सालाना आधार पर 1 प्रतिशत की गिरावट की देखने को मिल सकती है। नेट सेल्स जून क्वार्टर में 2,29,475.70 करोड़ रुपये रह सकता है। एक साल पहले इसी तिमाही में इसी तिमाही में सेल्स 2,31,784 करोड़ रुपये रह सकता है।

घरेलू ब्रोकरेज हाउस मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज का मानना है कि PAT में 32 प्रतिशत का इजाफा हो सकता है। इस बार प्रॉफिट (टैक्स भुगतान के बाद) 20,0000 करोड़ रुपये के करीब रह सकता है। ब्रोकरेज हाउस कंपनी के रेवन्यू ग्रोथ में 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी का अनुमान जता रहे हैं।

शेयर बाजार में कंपनी का प्रदर्शन कैसा रहा है?

शुक्रवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों का भाव 1.94 प्रतिशत की गिरावट के बाद 1494.85 रुपये के लेवल पर बंद हुआ था। 2025 में इस कंपनी के शेयरों की कीमतों में 22 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली है।

(यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें।)