25 पैसे का इनाम! NDPS मामलों में फरार आरोपी की गिरफ्तारी पर नागौर पुलिस की अनोखी घोषणा

नागौर: जिले में मादक पदार्थों के मामलों में फरार चल रहे एक आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की ओर से की गई इनाम घोषणा जिले ही नहीं बल्कि पूरे राजस्थान में चर्चा का विषय बन गई है. नागौर पुलिस ने वांछित आरोपी अर्जुनराम विश्नोई की गिरफ्तारी पर सिर्फ 25 पैसे का इनाम घोषित किया है, जिसने लोगों को हैरानी में डाल दिया है.
नागौर जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस थाना जायल और कुचेरा में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के विभिन्न प्रकरणों में वांछित आरोपी अर्जुनराम पुत्र जिसुखराम विश्नोई निवासी जायल उपखंड, लंबे समय से फरार चल रहा है. आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद से वह अपने निवास स्थान से गायब है और लगातार पुलिस से बचता फिर रहा है. इसी को देखते हुए उसकी गिरफ्तारी या गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले व्यक्ति के लिए इनाम की घोषणा की गई है.
एसपी कच्छावा ने बताया कि राजस्थान पुलिस नियम 1965 के नियम 4.18 के तहत यह घोषणा जारी की गई है. इसके अनुसार, जो भी व्यक्ति आरोपी को गिरफ्तार करेगा, उसकी गिरफ्तारी में पुलिस की मदद करेगा या उसकी सही सूचना देगा, उसे पुलिस अधीक्षक नागौर की ओर से घोषित नकद पुरस्कार दिया जाएगा. यदि आरोपी गिरफ्तारी का विरोध करता है तो उसे विधिसम्मत आवश्यक बल प्रयोग कर बंदी बनाने का अधिकार भी होगा. पुरस्कार वितरण के संबंध में अंतिम निर्णय पुलिस अधीक्षक नागौर का ही होगा.
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी अर्जुनराम विश्नोई के खिलाफ मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े तीन अलग-अलग मामले दर्ज हैं. इनमें पुलिस थाना जायल में 22 फरवरी 2026 को धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था. इसके अलावा 10 अक्टूबर 2025 को पुलिस थाना कुचेरा में धारा 8/21 व 8/22 एनडीपीएस एक्ट तथा 4 फरवरी 2026 को जायल थाने में धारा 8/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज है.
कुचेरा थानाधिकारी हबीब खान ने बताया कि आरोपी मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में वांछित है. मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार है. फिलहाल मेड़ता रोड तःबाधिकारी के पास मामले की जांच है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है. उन्होंने कहा कि पुलिस को उम्मीद है कि आमजन से मिलने वाली सूचना से आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जा सकेगा.
वहीं जायल थानाधिकारी मुकेश वर्मा ने बताया कि जायल थाना के एक मुकदमे की जांच सुरपालिया थानाधिकारी और दूसरे की जांच रोल थानाधिकारी के पास है. आरोपी लंबे समय से फरार है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के पास आरोपी के संबंध में जानकारी हो तो वह पुलिस को सूचना दे सकता है, उसकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी.
हालांकि इस पूरे मामले में 25 पैसे के इनाम की घोषणा लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई है. आमतौर पर वांछित अपराधियों पर हजारों या लाखों रुपये का इनाम घोषित किया जाता है, लेकिन इतने कम इनाम की घोषणा ने सभी को हैरान कर दिया है और यह आदेश सोशल मीडिया पर भी तेजी से चर्चा में है.









