क्रेशर प्लांट की लापरवाही ने ली मजदूर की जान, बेल्ट में फंसकर हुई मौत, परिजनों का भारी हंगामा

सतना : जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत एक क्रेशर प्लांट में शुक्रवार सुबह सुरक्षा मानकों की अनदेखी के चलते एक बड़ा हादसा हो गया.प्लांट में कन्वेयर बेल्ट की सफाई कर रहे 38 वर्षीय मजदूर रमेश चौधरी की मशीन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद मृतक के परिजनों ने मुआवजे और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर जिला अस्पताल में जमकर हंगामा किया और शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया.
सफाई के दौरान अचानक चालू हुई मशीन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिरहुली नई बस्ती निवासी रमेश चौधरी (38) पिता दुलेचंद चौधरी पिछले 15 वर्षों से इसी क्रेशर प्लांट में मजदूरी कर रहा था. शुक्रवार सुबह वह हमेशा की तरह काम पर गया था और कन्वेयर बेल्ट की सफाई कर रहा था.परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान बिना किसी पूर्व सूचना या सुरक्षा संकेत के अचानक बेल्ट को चालू कर दिया गया। मशीन की रफ्तार तेज होने के कारण रमेश उसमें फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया.
आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ परीक्षण के उपरांत डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.दिव्यांग पत्नी और 3 बच्चों के सिर से उठा साया मृतक रमेश अपने परिवार का इकलौता सहारा था.उसके पीछे उसकी दिव्यांग पत्नी फूलबाई और तीन छोटे बच्चे हैं.15 साल की लंबी सेवा के बावजूद सुरक्षा में हुई इस चूक ने पूरे परिवार को सड़क पर ला खड़ा किया है.
परिजनों का कहना है कि रमेश की मेहनत से ही घर का चूल्हा जलता था, अब उनके सामने जीवन-यापन का संकट खड़ा हो गया है. 1 करोड़ के मुआवजे की मांग पर अड़े परिजन घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। आक्रोशित परिजनों ने प्लांट प्रबंधन पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए 1 करोड़ रुपए के मुआवजे और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
मुआवजे की मांग पूरी न होने तक परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से साफ मना कर दिया और अस्पताल परिसर में ही प्रदर्शन शुरू कर दिया.
मौके पर पहुंची पुलिस हंगामे की सूचना मिलते ही कोलगवां और सिटी कोतवाली पुलिस बल मौके पर पहुंचा.पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने और मामला शांत कराने का प्रयास किया.
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधितों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.मशीन बिना किसी वॉर्निंग के चालू की गई. यह सीधा-सीधा कत्ल है। जब तक परिवार को उचित न्याय और आर्थिक सुरक्षा नहीं मिलती, हम पीछे नहीं हटेंगे.”