अबूझमाड़ के जंगलों में जागी नई उम्मीद: नुक्कड़ नाटक से दिया नशामुक्ति का संदेश, महिलाओं को बांटे सेनेटरी नैपकिन

नारायणपुर, 14 जून 2026

अबूझमाड़ के सुदूर और दुर्गम गांवों में सामाजिक बदलाव की अलख जगाने में जुटी माड़ रक्षा सेवा संस्था ने ग्राम मसपुर में जागरूकता एवं सहायता शिविर का आयोजन किया। संस्था ने ग्रामीणों को नशामुक्ति, शिक्षा और स्वच्छता का संदेश देने के साथ महिलाओं एवं किशोरियों को सेनेटरी नैपकिन वितरित किए।

नारायणपुर जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर घने जंगलों के बीच बसे मसपुर गांव में आयोजित इस शिविर में ग्रामीण परिवारों को नए कपड़े और चप्पलों का वितरण किया गया। वहीं स्कूली बच्चों को कॉपी, पेन, पेंसिल सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री प्रदान कर शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान संस्था की टीम ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभाव, शिक्षा का महत्व, स्वच्छता और सामाजिक कुरीतियों पर प्रभावी संदेश दिया। ग्रामीणों को बताया गया कि शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक एकता से ही समाज का समग्र विकास संभव है।

कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि संस्था के सदस्यों और ग्रामीणों ने पारंपरिक गोंडी गीतों का गायन किया तथा गोटुल में सामूहिक नृत्य कर स्थानीय संस्कृति और परंपराओं का सम्मान किया। इस दौरान ग्रामीणों और संस्था के सदस्यों के बीच आत्मीय संवाद भी देखने को मिला।

कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष शशांक तिवारी, सचिव कोमल उसेंडी सहित संदीप मिश्रा, सदफ़ अंजुम, कनेश्वरी दुग्गा, अम्बिका नाग, धनेश्वरी परिहार, विनय चंदेल, हिमांशु कोर्राम, रोशन मंडावी और अभय पटेल मौजूद रहे।

संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी अबूझमाड़ के दूरस्थ गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com