रीवा में नवविवाहिता को बेरहमी से पीटा, 7 माह के बच्चे संग घर से निकाला

रीवा : जिले के चाकघाट थाना क्षेत्र में दहेज लोभियों की बर्बरता का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है.जहाँ एक नवविवाहिता को अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर उसके पति और सास ने मिलकर लहूलुहान कर दिया.आरोप है कि पीड़िता को तीसरी मंजिल से घसीटते हुए सड़क पर फेंक दिया गया और उसके सात माह के दुधमुंहे बच्चे के साथ घर से बेदखल कर दिया गया.
पीड़िता रश्मि गुप्ता ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि उसका विवाह ढाई वर्ष पूर्व चाकघाट निवासी अनुपम केसरवानी के साथ हुआ था.विवाह के समय मायके पक्ष ने अपनी क्षमता से बढ़कर 15 लाख रुपये नकद और भारी मात्रा में कीमती सामान उपहार स्वरूप दिया था.लेकिन शादी के महज तीन महीने बीतते ही ससुराल पक्ष की नीयत बदल गई और उन्होंने और अधिक धन व सामान के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया.
रश्मि के अनुसार, 30 मार्च को दहेज की मांग को लेकर विवाद चरम पर पहुँच गया.पति और सास ने मिलकर उसे नुकीली चीजों से मारा और बेरहमी से पीटते हुए तीसरी मंजिल से नीचे उतारकर बीच सड़क पर छोड़ दिया.पीड़िता का आरोप है कि वह तीन घंटे तक बेहोशी की हालत में सड़क पर पड़ी रही, लेकिन ससुराल वालों का दिल नहीं पसीजा.इस दौरान पति ने रश्मि के भाई को फोन कर धमकी भी दी कि यदि वे उसे नहीं ले गए, तो वह उसे छत से नीचे फेंक कर मार डालेगा.
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुँचकर पीड़िता को अस्पताल पहुँचाया, लेकिन स्थानीय थाने की कार्रवाई से पीड़िता संतुष्ट नहीं है.रश्मि का आरोप है कि पुलिस दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के बजाय मामले को टाल रही है.न्याय की उम्मीद में पीड़िता ने अब जिला मुख्यालय रीवा में उच्चाधिकारियों से गुहार लगाई है और FIR दर्ज कराई है.











