विधायक पद से इस्तीफे के बीच नितिन नवीन का भावुक बयान, बोले—“मैंने हमेशा अपने कर्तव्यों को प्राथमिकता दी…

राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार (30 मार्च, 2026) को विधायक पद से इस्तीफा दे दिया. इस बीच उन्होंने भावुक प्रतिक्रिया दी है. एक्स पर पोस्ट करते हुए बांकीपुर और बिहार की जनता को संबोधित करते हुए काफी कुछ कहा है. अपने पिता को भी याद किया है.
अपने एक्स पोस्ट में नितिन नवीन लिखते हैं, “बांकीपुर और बिहार के मेरे सभी परिवारजन एवं कार्यकर्ता साथी, जनवरी 2006 में पिताजी के आकस्मिक निधन के बाद पार्टी ने मुझे पटना पश्चिम से उपचुनाव लड़ने का अवसर दिया. 27 अप्रैल 2006 को मैं पहली बार पटना पश्चिम क्षेत्र से निर्वाचित होकर सामाजिक एवं राजनीतिक जीवन की शुरुआत की. पिछले 20 वर्षों में पिताजी, स्व. नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा द्वारा बनाए गए इस क्षेत्र को पारिवारिक भाव से सींचने, संवारने और विकास के पटल पर आगे ले जाने का निरंतर प्रयास किया है.”
आगे कहा, “मैंने सदैव अपने क्षेत्र और बिहार के विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य किया. इसी का प्रतिफल है कि यहां की देवतुल्य जनता ने मुझे लगातार 5 बार सदन में अपना प्रतिनिधि चुनकर सेवा का सौभाग्य प्रदान किया. सदन के अंदर हो या सदन के बाहर, दोनों ही स्थानों का उपयोग मैंने अपने क्षेत्र और बिहार की जनता की आवाज उठाने और उनकी समस्याओं के समाधान का मार्ग निकालने के लिए किया.”
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि मैंने यह हमेशा कहा है कि जनता ने मुझे समस्या बताई और उन समस्याओं के समाधान का रास्ता भी मुझे जनता ने ही दिखाया. कार्यकर्ताओं ने मुझे भाई के रूप में, परिवार के सदस्य के रूप में और अभिभावक के रूप में अंगुली पकड़कर आज इस मुकाम तक पहुंचाया है. मैं पटना और बिहार की जनता को आश्वस्त करता हूं कि जो परिवार का भाव उन्होंने मुझे दिया है, उसका मैं सदैव सम्मान करता रहूंगा.
अंत में लिखा, “आज मैं बिहार विधानसभा के बांकीपुर निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित सदस्य पद से इस्तीफा दे रहा हूं. पार्टी ने मुझे जो नई भूमिका दी है, उसके माध्यम से भी मैं अपने क्षेत्र और बिहार के विकास के लिए सदैव तत्पर एवं संकल्पित रहूंगा.”











