धुरंधर: द रिवेंज के ट्रेलर में गूंजा पुराना हिट ट्रैक ‘आरी आरी’, जानिए किसका है ओरिजिनल गाना

रणवीर सिंह की आगामी फिल्म धुरंधर: द रिवेंज का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। फिल्म के दमदार एक्शन और रणवीर सिंह के इंटेंस अवतार के साथ-साथ ट्रेलर में बजने वाला एनर्जेटिक गाना ‘आरी आरी’ भी दर्शकों का खास ध्यान खींच रहा है। ट्रेलर सामने आने के बाद कई लोगों ने इस गाने की धुन को पहचानते हुए सवाल उठाया कि आखिर यह गाना पहले किसका है।

दरअसल ट्रेलर में सुनाई देने वाला ‘आरी आरी’ कोई नया गाना नहीं है, बल्कि यह 2000 के दशक के मशहूर पॉप ट्रैक का रीक्रिएटेड वर्जन है। इस गाने का मूल संस्करण म्यूजिक बैंड बॉम्बे रॉकर्स ने बनाया था, जो उस दौर में युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय था।

बॉम्बे रॉकर्स अपने समय के चर्चित पॉप म्यूजिक बैंड में से एक था। इस बैंड में डेनिश-इंडियन सिंगर नवतेज सिंह रेहल और थॉमस सारडॉर्फ शामिल थे। उनके गाने अपने अलग म्यूजिक स्टाइल और एनर्जेटिक बीट्स के लिए जाने जाते थे। ‘आरी आरी’ ट्रैक भी उस समय युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हुआ था और इसे बैंड के एल्बम में रिलीज किया गया था।

अब वर्षों बाद इसी गाने को नए अंदाज में धुरंधर: द रिवेंज के ट्रेलर में इस्तेमाल किया गया है। फिल्म के लिए इस गाने को आधुनिक बीट्स और हाई-एनर्जी म्यूजिक के साथ रीमिक्स किया गया है, जिससे इसे नया रूप दिया गया है।

इस नए वर्जन में नवतेज सिंह रेहल के साथ खान साब, जैस्मिन सैंडलस और सुधीर यादववंशी की आवाज सुनाई देती है। वहीं इसके बोल इरशाद कामिल और बॉम्बे रॉकर्स की टीम ने लिखे हैं। पुराने लोकप्रिय ट्रैक को नए अंदाज में पेश किए जाने से यह गाना एक बार फिर दर्शकों के बीच चर्चा में आ गया है।

फिल्म धुरंधर: द रिवेंज 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। ट्रेलर के साथ-साथ इसके बैकग्राउंड म्यूजिक और गानों को लेकर भी दर्शकों में उत्सुकता बढ़ती नजर आ रही है।

close