बलरामपुर में पीट-पीटकर वृद्ध की हत्या: SDM सहित तीन भेजे गए जेल, अवैध बॉक्साइड खनन से जुड़ा था मामला

बलरामपुर-रामानुजगंज: जिले के कोरंधा थाना क्षेत्र में अवैध बॉक्साइट खनन का खेल अब खून तक पहुंच गया है. ग्राम हंसपुर में खनन को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और 62 वर्षीय राम उर्फ रामनरेश की बेरहमी से पिटाई कर दी गई. इलाज के अभाव में उनकी मौत हो गई, जबकि दो अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हैं.

घटना 15 फरवरी 2026 की रात लगभग 9 बजे की बताई जा रही है. आरोप है कि रामनरेश पर अवैध बॉक्साइट खनन और परिवहन कराने का ठीकरा फोड़ते हुए चार लोगों ने लकड़ी के डंडों और हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने बीच गांव में जमकर मारपीट की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई.

गंभीर हालत में रामनरेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी ले जाया गया, जहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर किया गया. परिजन आगे इलाज के लिए नहीं ले जा सके और 16 फरवरी की रात 12:14 बजे उनकी मौत हो गई. इस बीच अजीत राम (60) और आकाश अगरिया (20) भी हमले में घायल हुए हैं.

पुलिस ने मर्ग क्रमांक 02/2026 दर्ज कर जांच शुरू की और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, घटनास्थल निरीक्षण, पंचनामा व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर एसडीएम करुण डहरिया, विक्की सिंह उर्फ अजय प्रताप सिंह, मंजीत कुमार यादव और सुदीप यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 115(2) और 3(5) के तहत हत्या सहित गंभीर अपराध दर्ज किया है.

अवैध खनन को लेकर लंबे समय से था तनाव

इलाके में चर्चा है कि अवैध खनन को लेकर लंबे समय से तनाव बना हुआ था, लेकिन प्रशासनिक सख्ती नहीं होने से हालात बिगड़ते गए. अब एक मौत के बाद सवाल उठ रहे हैं कि आखिर अवैध बॉक्साइट के इस खेल पर लगाम कब लगेगी? पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है.

close