गुरु पूर्णिमा के दिन मां लक्ष्मी को लगाएं केसरिया खीर का भोग, नोट क

 आज यानी 10 जुलाई को देश भर में ‘गुरु पूर्णिमा’ का पर्व मनाया जा रहा है। हिंदू पंचांग के अनुसार यह दिन हर साल आषाढ़ मास की पूर्णिमा तिथि को मनाया जाता है। हिंदू धर्म में गुरु पूर्णिमा के दिन दान-पुण्य का विशेष महत्व बताया गया है। इस दिन लोग मां लक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए खासतौर पर खीर का प्रसाद बनाकर उन्हें भोग में चढ़ाते हैं। माना जाता है कि ऐसा करने से माता लक्ष्मी घर में कभी भी धन धान्य की कमी नहीं होने देती है। अगर आप भी मां लक्ष्मी को प्रसन्न करना चाहते हैं तो अपने घर पर टेस्टी केसरिया खीर की यह रेसिपी ट्राई कर सकते हैं। खीर की यह रेसिपी टेस्टी होने के साथ बहुत जल्दी बनकर तैयार भी हो जाती है।

केसरिया खीर बनाने के लिए सामग्री

-1 लीटर दूध

-1 कप चावल

-1 कप चीनी

-10 कटे हुए काजू

-10 कटे हुए बादाम

-10 पिस्ता

-1 बड़ा चम्मच किशमिश

-12-15 केसर के धागे

-1 छोटा चम्मच इलायची पाउडर

केसरिया खीर बनाने का तरीका

केसरिया खीर बनाने के लिए सबसे पहले चावल को अच्छी तरह धोने के बाद करीब एक घंटे के लिए पानी में भिगोकर अलग रख दें। इसके बाद एक कटोरी में दो चम्मच दूध डालकर उसमें केसर के धागे अच्छी तरह घोल लें। अब एक मोटे तले वाला बर्तन लेकर उसमें दूध को धीमी आंच पर पकाएं। दूध को तब तक उबालें जब तक कि वह उबलकर एक चौथाई न बच जाए। जब दूध पककर गाढ़ा हो जाए तो उसमें भीगे हुए चावल और चीनी डालकर लगभग 20 मिनट तक पकाएं। इसके बाद खीर में इलायची पाउडर और केसर वाला दूध डालकर अच्छी तरह मिलाकर करीब 5 मिनट और पकाएं। तय समय बाद खीर का गैस बंद कर दें। अब एक अलग कढ़ाही में घी गर्म करके उसमें किशमिश, कटे हुए काजू, बादाम और पिस्ता के टुकड़े डालकर हल्का फ्राई कर लें। इसके बाद सूखे मेवों को केसरिया खीर में डालकर अच्छी तरह से मिला दें। आपकी केसरिया खीर बनकर तैयार है। आप इस खीर को गर्म या ठंडा, दोनों तरह से सर्व कर सकते हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close