उत्तर प्रदेश: इलाहाबाद हाई कोर्ट के आदेश पर संत रविदास आश्रम से हटाई जा रहीं मूर्तियां, इकदिल में प्रशासनिक कार्रवाई जारी

इटावा: इटावा जिले के इकदिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कानपुर हाईवे पर स्थित संत रविदास आश्रम से न्यायालय के आदेश पर मूर्तियों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है. यह कार्रवाई इलाहाबाद हाई कोर्ट के निर्देशों के क्रम में की जा रही है. मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है.
प्रशासन के अनुसार संत रविदास आश्रम लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की लगभग डेढ़ बीघा जमीन पर वर्ष 1995 से स्थापित था। इस भूमि पर अतिक्रमण को लेकर दाखिल एक जनहित याचिका पर सुनवाई के बाद अदालत ने आश्रम से मूर्तियों को हटाने के निर्देश दिए थे, जिसके अनुपालन में अब यह कार्रवाई की जा रही है.
इन सभी मूर्तियों को नजदीकी गांव स्थित अंबेडकर पार्क में पुनः स्थापित किया जाएगा- प्रशासन
आश्रम परिसर में स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर, संत रविदास और महात्मा वाल्मीकि की मूर्तियों को सम्मानपूर्वक हटाया जा रहा है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन सभी मूर्तियों को नजदीकी गांव स्थित अंबेडकर पार्क में पुनः स्थापित किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस न पहुंचे.
कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की कानून व्यवस्था की समस्या से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और पूरे अभियान की निगरानी वरिष्ठ अधिकारी कर रहे हैं.
प्रशासन का उद्देश्य कानून का पालन करते हुए सामाजिक सौहार्द बनाए रखना
इस संबंध में जानकारी देते हुए सीओ सिटी अभय नारायण राय ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई अदालत के आदेश के अनुपालन में की जा रही है. उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य कानून का पालन करते हुए सामाजिक सौहार्द बनाए रखना है और मूर्तियों को पूरे सम्मान के साथ वैकल्पिक स्थान पर स्थापित किया जाएगा.
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें.











