राजनांदगांव में ऑनलाइन आईपीएल सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, कृषि फार्म से चल रहा था नेटवर्क, 9 गिरफ्तार

राजनांदगांव जिले में पुलिस ने ऑनलाइन आईपीएल सट्टा संचालित करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह पूरा नेटवर्क घुमका थाना क्षेत्र के खैरझिटी गांव स्थित एक कृषि फार्म से संचालित किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से कुल 9 आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक फार्म हाउस से ऑनलाइन सट्टेबाजी कराई जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने छापेमारी की, जहां से मौके पर कई लोगों को पकड़ा गया, जबकि कुछ आरोपितों को बाद में अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार किया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी एक मोबाइल एप के जरिए आईपीएल मैचों पर सट्टा चला रहे थे। इस नेटवर्क का संबंध नागपुर से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है, जहां से तकनीकी संचालन किया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक लैपटॉप, कई मोबाइल फोन, एक कार, नगदी और सट्टे से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं। जब्त सामग्री और रिकॉर्ड के आधार पर लाखों रुपये के लेनदेन का खुलासा हुआ है।
पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ जुआ प्रतिषेध अधिनियम और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी शुरू कर दी गई है।











