दिल्ली के तरुण हत्याकांड पर डीडवाना-कुचामन जिले के इस शहर में उबाल, न्याय की मांग को लेकर संगठनों ने किया प्रदर्शन

डीडवाना कुचामन: नई दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन दो गुटों के बीच हुई मारपीट में तरुण नामक युवक की हत्या के मामले ने अब देशभर में आक्रोश का रूप ले लिया है. इसी कड़ी में डीडवाना-कुचामन जिले में भी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर विभिन्न सामाजिक संगठनों और संस्थाओं ने एकजुट होकर आवाज बुलंद की. जिले के कुचामन सिटी में बड़ी संख्या में लोग उपखंड कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन कर घटना के प्रति गहरा रोष जताया.
प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज की शांति और सामाजिक समरसता के लिए गंभीर खतरा हैं. उन्होंने मांग की कि मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि देश में भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना बेहद जरूरी है. यदि किसी निर्दोष युवक की इस तरह हत्या होती है तो यह पूरे समाज को झकझोर देने वाली घटना है. प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के साथ-साथ आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी भी प्रदान की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को सहारा मिल सके.
इस दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कठोर सजा देने की मांग उठाई. इस मौके पर खटीक समाज के प्रतिनिधि पूर्व उप सभापति हेमराज चावला, भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष राजकुमार जाटोलिया तथा सामाजिक कार्यकर्ता विक्रम जोया ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि समय रहते आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो समाज में आक्रोश और बढ़ेगा. प्रदर्शन के बाद ज्ञापन उपखंड प्रशासन को सौंपा गया और प्रशासन से इसे राष्ट्रपति तक पहुंचाने की मांग की गई.











