फतेहपुर : मेवली मोड़ पर मौत का तांडव; आमने-सामने भिड़ीं बाइकें, चार युवकों की दर्दनाक मौत

फतेहपुर : जनपद के ललौली थाना क्षेत्र के मेवली मोड़ पर शुक्रवार देर रात रफ्तार ने ऐसा खूनी खेल खेला कि चार घरों के चिराग एक झटके में बुझ गए. शादी की खुशियों से लौट रहे युवकों को क्या पता था कि रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है.

आमने-सामने टक्कर, चीखों से दहला इलाका

सिंधाव गांव निवासी आकाश यादव (25) अपने साथियों सौरभ द्विवेदी (28) और उमेश पाल के साथ बाइक से निमंत्रण से लौट रहे थे.दूसरी ओर बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के दुगरेई गांव निवासी गजराज पाल उर्फ पिंटू (35) भी शादी समारोह से वापस आ रहे थे.

मेवली मोड़ पर दोनों बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत इतनी भीषण थी कि टक्कर की आवाज दूर तक गूंजी। सड़क पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते चारों युवक खून से लथपथ पड़े थे.

अस्पताल पहुंचने से पहले बुझती गईं सांसें

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी गाजीपुर ले जाया गया.जहां डॉक्टरों ने सौरभ, गजराज और आकाश को मृत घोषित कर दिया.गंभीर रूप से घायल उमेश को जिला अस्पताल से कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया.

लापरवाही ने ली चार जान

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि किसी भी युवक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। चारों के सिर में गंभीर चोटें आईं। तेज रफ्तार और सुरक्षा नियमों की अनदेखी ने चार जिंदगियां लील लीं.

यह हादसा एक बार फिर सवाल खड़ा करता है — आखिर कब सुधरेंगे लोग? कब तक रफ्तार का नशा यूं ही घरों को उजाड़ता रहेगा?

पुलिस की कार्रवाई

क्षेत्राधिकारी प्रगति यादव ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

इधर, चारों परिवारों में मातम पसरा है.शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं.पूरे इलाके में सन्नाटा और आक्रोश है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com