बड़ा एक्शन! रिहायशी इलाके में चल रहा OYO होटल सील, संदिग्ध गतिविधियों और पार्किंग की किल्लत से परेशान थे मोहल्ले वाले
मकान मालिक इस तरह रेसिडेंशियल मकान को कमर्शियल बनाकर मोटा पैसा कमा रहा था, लेकिन लगातार संदिग्ध गतिविधियों के चलते मोहल्ले का माहौल खराब हो रहा था।होटल में पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं थी। यहां आने वाले लोग सड़क पर बेतरतीब तरीके से गाड़ियां खड़ी कर देते थे, जिससे मोहल्ले वालों को आवागमन में भारी परेशानी होती थी।

बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र में अवैध रूप से चल रहे OYO होटल पर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। आवासीय मकान में व्यावसायिक गतिविधि चलाने, संदिग्ध गतिविधियों और पार्किंग की समस्या से परेशान मोहल्ले वालों की शिकायत पर निगम ने होटल को सील कर दिया है। निगम की इस सख्ती से जहां पड़ोसियों ने राहत की सांस ली है, वहीं आवासीय क्षेत्रों में होटल चलाने वालों में हड़कंप मच गया है।
बिलासपुर में एक आवासीय मकान में यह OYO होटल संचालित किया जा रहा था। मोहल्ले वालों के अनुसार, यहां सुबह से लेकर देर रात तक युवा जोड़ों का लगातार आना-जाना लगा रहता था।लोग चंद घंटों के लिए रूम लेते थे और फिर खाली कर देते थे, जिससे एक ही रूम कई-कई बार किराए पर चढ़ता था।
मकान मालिक इस तरह रेसिडेंशियल मकान को कमर्शियल बनाकर मोटा पैसा कमा रहा था, लेकिन लगातार संदिग्ध गतिविधियों के चलते मोहल्ले का माहौल खराब हो रहा था।होटल में पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं थी। यहां आने वाले लोग सड़क पर बेतरतीब तरीके से गाड़ियां खड़ी कर देते थे, जिससे मोहल्ले वालों को आवागमन में भारी परेशानी होती थी।
परेशान मोहल्ले वालों ने जब मकान मालिक से होटल बंद करने की मांग की तो उसने कोई ध्यान नहीं दिया। इसके बाद लोगों ने नगर निगम में इसकी शिकायत की।नगर निगम आयुक्त अमित कुमार ने शिकायत को गंभीरता से लिया और जांच के निर्देश दिए।
जांच में पाया गया कि मकान की अनुमति आवासीय थी, लेकिन इसमें व्यवसायिक गतिविधियां चल रही थीं।
निगम ने एक माह पहले मकान मालिक को नोटिस जारी किया था, जिसके जवाब में मकान मालिक ने खुद ही होटल बंद करने का आश्वासन दिया था।आश्वासन देने के बाद मकान मालिक ने चालाकी दिखाते हुए सामने से OYO होटल का बोर्ड हटा दिया, लेकिन अंदर बुकिंग लेकर संचालन बदस्तूर जारी रखा।
दोबारा शिकायत मिलने पर निगमायुक्त अमित कुमार ने दोबारा नोटिस जारी किया, लेकिन मकान मालिक ने संचालन बंद नहीं किया। इसके बाद आयुक्त के निर्देश पर अतिक्रमण निवारण दस्ता के प्रभारी प्रमिल शर्मा और शिव जायसवाल के नेतृत्व में टीम ने छापा मारा। टीम ने पाया कि होटल का बोर्ड हटाकर भी अंदर बुकिंग रजिस्टर में एंट्री कर कपल्स को रूम उपलब्ध कराए जा रहे थे।निगम अमले ने बुकिंग रजिस्टर और अन्य सामानों का पंचनामा बनाया और निगमायुक्त को जानकारी दी। निगमायुक्त के निर्देश के बाद OYO होटल को सील कर दिया गया है।निगम की इस कड़ी कार्रवाई ने आवासीय क्षेत्रों में चल रहे अवैध व्यावसायिक गतिविधियों पर नकेल कस दी है।









