रीवा-सीधी हाईवे पर दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने युवक को रौंदा, हालत नाजुक

रीवा-सीधी : राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुढ़ थाना क्षेत्र के भीटी स्टैंड के पास बीती शनिवार शाम 9 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया.जहां तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी.टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक का एक पैर घुटने से अलग हो गया और उसकी बाइक के परखच्चे उड़ गए. घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक अपनी मोटरसाइकिल से भीटी स्टैंड के पास से गुजर रहा था, तभी सामने से आ रहे ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया.प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से लहूलुहान हो गया.दुर्घटना में युवक का एक पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर शरीर से अलग होता दिखाई दिया.

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी.घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद संजय गांधी अस्पताल (रीवा) रेफर कर दिया गया है.डॉक्टरों के अनुसार, युवक की हालत फिलहाल चिंताजनक बनी हुई है.

घटना की सूचना मिलते ही गुढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुँची और घटनास्थल का निरीक्षण किया.पुलिस ने अज्ञात ट्रक और फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.पुलिस का कहना है कि क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

close