औरंगाबाद में दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार युवक की मौत, दो साथी घायल

औरंगाबाद: सड़क दुर्घटना में जख्मी एक युवक की मौत हो गई. घटना बारुण थाना क्षेत्र के सिंदुरिया गांव के समीप एनएच -19 पर की है। मृतक की पहचान रिसियप थाना क्षेत्र के जुड़ाही गांव निवासी रामाशीष शर्मा के पुत्र 22 वर्षीय शिव शंकर कुमार के रूप में की गई है.

जानकारी के अनुसार शिव शंकर अपने गांव के ही दो दोस्तों के साथ बाइक से रोहतास के गुप्ता धाम दर्शन करने गया था. दर्शन करने के बाद दोस्त अनीश और अभिषेक के साथ एक ही बाइक से तीनों घर लौट रहे थे. इस दौरान बारुण थाना क्षेत्र के सिंदुरिया गांव के समीप एनएच -19 पर अचानक बाइक चालक अवनीश को झपकी लग गई जिसके कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई.

दुर्घटना में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए. इसके बाद घटनास्थल पर अपरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों के द्वारा घटना की सूचना पुलिस और एनएचआई के एंबुलेंस को दी गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने एनएचआई के एंबुलेंस से तीनों घायलों को औरंगाबाद सदर अस्पताल भेजा. जहां चिकित्सकों ने अभिषेक और शिव शंकर की स्थिति नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया.

रविवार की देर रात दोनों को इलाज के लिए किसी दूसरे बड़े अस्पताल में ले जाया जा रहा था. इस दौरान शिव शंकर ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया. उसकी मौत के बाद परिजन शव को लेकर घर पहुंचे. जहां रिसियप थाना की पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.

थानाध्यक्ष संजीत राम ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है. सोमवार की सुबह जैसे ही पोस्टमार्टम के बाद युवक का शव जुड़ाही गांव पहुंचा, परिजन से लिपटकर चीत्कार उठे. मृतक अपने तीन भाई बहनों में सबसे बड़ा था. फिलहाल उसकी शादी भी नहीं हुई थी. पढ़ाई लिखाई के अलावा कारपेंटर का काम करता था.

परिवार को उससे काफी उम्मीदें थी, लेकिन इस दर्दनाक हादसे के बाद उनकी उम्मीदों पर पानी फिर गया। जानकारी के अनुसार अभिषेक और बाइक चालक अनीश सगे भाई हैं. फिलहाल अभिषेक की भी स्थिति नाजुक बनी हुई है. जबकि अनीश खतरे से बाहर बताया जा रहा है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com