राजनांदगांव में छुरिया फारेस्ट नाका के पास सड़क हादसा, पंचायत सचिव की मौत

छुरिया फारेस्ट नाका के पास शुक्रवार शाम हुए सड़क हादसे में ग्राम पंचायत बेलरगोंदी के पंचायत सचिव छगनलाल पोर्ते की मौत हो गई। दुर्घटना के समय वे छुरिया जनपद कार्यालय से से कल्लूबंजारी की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात चारपहिया वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार ठोकर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छगनलाल पोर्ते ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतक छगनलाल पोर्ते ग्राम गहिराभेंड़ी के निवासी थे और ग्राम पंचायत बेलरगोंदी में पंचायत सचिव के पद पर कार्यरत थे।

शुक्रवार दोपहर वे किसी शासकीय कार्य से छुरिया जनपद कार्यालय पहुंचे थे। शाम करीब चार बजे लौटते समय फॉरेस्ट नाका के पास अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को चपेट में ले लिया। हादसे के बाद आरोपित वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे बेलरगोंदी निवासी हमीद भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल राजनांदगांव रेफर किया गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुरिया भेज दिया। पोस्टमार्टम शनिवार सुबह कराया जाएगा।

पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे की खबर फैलते ही ग्राम गहिराभेंड़ी और बेलरगोंदी में शोक का माहौल है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
जनपद अध्यक्ष ने दी तत्कालिक सहायता
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही जनपद अध्यक्ष संजय सिन्हा घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने स्वजनों को ढांढस बंधाते हुए 25 हजार रुपये की तत्कालिक आर्थिक सहायता प्रदान की और प्रशासन से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com