संसद नियम से चलेगा… राहुल गांधी ने ऐसा क्या बोला कि नाराज स्पीकर ओम बिरला ने कही ये बात

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने लोकसभा में गैस की किल्लत का मुद्दा उठाया. उन्होंने भारत की विदेश नीति को लेकर केंद्र सरकार पर हमला भी बोला. नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि क्या अब अमेरिका ये तय करेगा कि हम किससे तेल और खरीदेंगे. उन्होंने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और एपस्टीन की दोस्ती का जिक्र किया. साथ ही उन्होंने दावा किया कि उनके पास एक डॉक्यूमेंट है जिससे पता चलता है कि हरदीप सिंह पुरी की बेटी को जॉर्ज सोरोस से पैसे मिले हैं. विषय से इतर बोलने पर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने राहुल गांधी की इन बातों को संसद की कार्यवाही से हटाने की बात कही.

ओम बिरला ने राहुल गांधी पर नाराजगी जताते हुए साफ कहा कि संसद नियम और प्रक्रियाओं से चलेगा, किसी के दबाव में नहीं. स्पीकर ने कहा कि राहुल गांधी ने देश में गैस की स्थिति पर चर्चा का नोटिस दिया था और उनके नोटिस मेरे पास अभी भी मौजूद हैं लेकिन उन्होंने प्रक्रियाओं का मान नहीं रखते हुए अन्य मुद्दों को उठाना शुरू किया, जिसको किसी भी सूरत में इजाजत नहीं दी जा सकती.

जो भी मुद्दा उठाना है, उसके बारे में नोटिस देना होगा

स्पीकर बिरला ने कहा, आपको जो भी मुद्दा उठाना है, पहले उसके बारे में नोटिस देना होगा. राहुल गांधी को रोके जाने पर कांग्रेस के सभी सांसदों ने वेल में जाकर प्रोटेस्ट शुरू किया और हरदीप पुरी के खिलाफ नारेबाजी की. आखिरकार स्पीकर ने केंद्रीय मंत्री पुरी को जवाब देने को कहा. जैसे ही हरदीप पुरी ने जवाब देना शुरू किया, राहुल गांधी सदन छोड़कर चले गए. थोड़ी देर में प्रियंका गांधी ने भी सदन छोड़ दिया लेकिन कांग्रेस के सांसद वेल में जमे रहे और नारेबाजी चलती रही.

राहुल गांधी ने सदन में क्या-क्या कहा?

कांग्रेस सांसद ने कहा, हर देश की नींव उसकी एनर्जी सिक्योरिटी होती है. यह बहुत ही हैरान करने वाली बात है कि भारत जैसा बड़ा देश किसी दूसरे देश के प्रेसिडेंट को यह इजाज़त क्यों देगा कि वह हमें रूस का तेल खरीदने की इजाज़त दे और यह तय करे कि हमारे रिश्ते किसके साथ हैं.

उन्होंने कहा, मैंने पहेली सुलझा ली है और पहेली समझौते के बारे में है. हमारे यहां एक सज्जन बैठे हैं जो तेल मंत्री हैं. उन्होंने खुद कहा है कि वह मिस्टर एपस्टीन के दोस्त हैं.मेरे पास एक डॉक्यूमेंट है जिससे पता चलता है कि उनकी (हरदीप सिंह पुरी) बेटी को जॉर्ज सोरोस से पैसे मिले हैं.

close