Patwari suspend:कोरबा में सरकारी जमीन घोटाला… पटवारी निलंबित, बैंक से लिया गया था फर्जी लोन

Patwari suspend:कोरबा। जिले में सरकारी जमीनों की बंदरबांट के खेल का एक बड़ा मामला उजागर हुआ है।

पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के हल्का लाद में पदस्थ पटवारी जितेंद्र कुमार भावे को शासकीय भूखंडों का गैरकानूनी नामांतरण और पट्टा जारी करने के आरोप में कलेक्टर अजीत वसंत ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

आरोप है कि पटवारी ने सरकारी जमीन को निजी संपत्ति बताकर न केवल पट्टा जारी किया बल्कि उसे बैंक में बंधक रखकर कर्ज भी लिया गया।

जांच के दौरान सामने आया कि सरकारी जमीन के दो टुकड़े बैंक में गिरवी रखे गए थे, जिनके एवज में पट्टाधारकों ने केसीसी लोन हासिल कर लिया।

चौंकाने वाली बात यह है कि जमीन को दुर्ग और बेमेतरा जिले के बैंकों में बंधक रखा गया, जबकि जमीन कोरबा जिले की थी।

यह भी खुलासा हुआ कि दूसरे जिलों से आए लोगों ने पटवारी की मिलीभगत से सरकारी जमीन पर कब्जा कर उसे अवैध रूप से अपने नाम कराया।

मामला सामने आने के बाद नायब तहसीलदार और एसडीएम तुलाराम भारद्वाज ने विस्तृत जांच प्रतिवेदन कलेक्टर को दिया।

कलेक्टर ने इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए पटवारी को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 और सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत निलंबित कर दिया।

निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय बरपाली निर्धारित किया गया है और उन्हें केवल जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।

कोरबा में सरकारी जमीनों पर कब्जा और हेराफेरी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। कुछ दिन पहले भी इसी तरह की अनियमितताओं पर राजस्व कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी।

close