पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा: व्यापम द्वारा आगामी परीक्षाओं के मद्देनज़र केंद्राध्यक्ष, परिवहन अधिकारी (आब्जर्वर) की बैठक

रायपुर। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल, व्यापम रायपुर द्वारा आयोजित पुलिस आरक्षक (PHQC-25) भर्ती परीक्षा को लेकर कलेक्टर डॉ गौरव सिंह के निर्देश पर केंद्राध्यक्ष, परिवहन अधिकारी (आब्जर्वर) की रेडक्रॉस सभाकक्ष, कलेक्ट्रटमें नोडल अधिकारी एवं अपर कलेक्टर नवीन कुमार ठाकुर ने शुक्रवार को बैठक ली।
बैठक में सभी केंद्रों में व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा सभी केंद्रों में दीवाल घड़ी लगाने संबंधित निर्देश दिए ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जिले में पुलिस आरक्षक (PHQC-25) भर्ती परीक्षा 14 सितंबर 2025, रविवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 01.15 बजे तक 28 परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएगी। जिसमें 10,700 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
यह परीक्षा द्वितीय चरण की है, जिसमें प्रथम चरण का शारीरिक दक्षता परीक्षण पहले ही संपन्न हो चुका है।
अभ्यार्थियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश :
परीक्षार्थी, परीक्षा प्रारंभ होने के कम से कम 2 घंटा पूर्व परीक्षा केन्द्र में पहुंचे ताकि उनका फ्रिस्किंग (Frisking) एवं सत्यापन किया जा सके। परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पूर्व परीक्षा केन्द्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जायेगा।
चूंकि यह परीक्षा प्रातः 11.00 बजे से प्रारंभ हो रहा है अतः मुख्य द्वार प्रातः 10.30 बजे बंद कर दिया जाएगा। हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर परीक्षा देने आये।
धार्मिक एवं सांस्कृतिक पोशाक वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्र पर सामान्य समय से पहले रिपोर्ट करना होगा, उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरने उपरांत ही ऐसे पोशाक की अनुमति होगी। परीक्षा में चप्पल पहनें। कान में किसी भी प्रकार का आभूषण वर्जित है।
परीक्षा कक्ष में किसी प्रकार का संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घडी, पर्स, पाऊच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी आदि ले जाना पूर्णतः वर्जित है। परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर कठोर कार्यवाही की जायेगी तथा अभ्यर्थिता समाप्त की जायेगी।
इस बैठक में सहायक नोडल अधिकारी एवं जिला रोजगार अधिकारी केदार पटेल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे ।










