जसवंतनगर: त्योहारों को लेकर पुलिस सख्त, 60 वाहनों के चालान; अवैध साउंड सिस्टम हटाए गए

जसवंतनगर: होली एवं रमजान पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से जसवंतनगर कस्बा क्षेत्र में पुलिस द्वारा सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया. यह अभियान राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बस स्टैंड चौराहे पर क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह के नेतृत्व में संचालित किया गया, जिसमें थानाध्यक्ष कमल भाटी, कस्बा इंचार्ज मनीष कुमार, उपनिरीक्षक ललित चतुर्वेदी सहित पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा.
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लगभग 60 वाहनों के चालान किए. इसके साथ ही त्योहारों के मद्देनज़र ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण रखने के लिए एक दर्जन ट्रैक्टरों पर अवैध रूप से लगाए गए तेज आवाज वाले साउंड सिस्टम उतरवाए गए. पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए सख्त चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
चेकिंग अभियान के अंतर्गत आधा दर्जन टूरिस्ट बसों को भी रोका गया. बसों में सवार यात्रियों से बातचीत कर उनकी सुरक्षा से जुड़ी जानकारी ली गई, वहीं बस चालकों का एल्कोहल टेस्ट कर सुरक्षित एवं संयमित वाहन संचालन के निर्देश दिए गए. इस मौके पर क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह ने बताया कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना, सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम करना पुलिस की प्राथमिकता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था भंग करने या नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.











